Skip to main content

गोविंद विधानसभा चुनाव की हार को जीत में तब्दील करने में जुटे

RNE, STATE BUREAU .

राजस्थान की 25 सीटों में से 11 सीटों पर अब मुकाबला तय हो गया है। कल कांग्रेस की तीसरी सूची जारी होने के बाद ये स्थिति स्पष्ट हो गई है। अभी भी राज्य की 14 सीटों पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। एक दो दिन में दोनों दल अब अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकते हैं क्योंकि राज्य में चुनाव पहले व दूसरे चरण में ही है। बीकानेर सीट पर अब मुकाबला भाजपा के अर्जुनराम मेघवाल व कांग्रेस के गोविंद मेघवाल के मध्य है। अर्जुन जीत का चौका लगाने की तैयारी कर रहे हैं तो गोविंद विधानसभा चुनाव की हार को जीत में बदलना चाहते हैं। चूरू में मुकाबला भाजपा छोड़कर आये कांग्रेस उम्मीदवार व सांसद राहुल कस्वां व भाजपा के देवेंद्र झांझड़िया के बीच होगा।


जोधपुर में केंद्रीय मंत्री व भाजपा उम्मीदवार गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने उनकी हेटट्रिक रोकने के लिए कांग्रेस ने करण सिंह उचियारड़ा को उतारा है। राजपूत वोटों के विभाजन से कांग्रेस ने सजातीय उम्मीदवार उतारा है। पाली में भाजपा के पी पी चौधरी का मुकाबला कांग्रेस की संगीत बेनीवाल करेगी। बाड़मेर में भाजपा ने केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी को फिर से टिकट दिया है तो कांग्रेस ने रालोपा से आये उमेदाराम को मुकाबले में उतारा है। यहां मुकाबला रोचक होगा।

बारां- झालावाड़ में वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह फिर से भाजपा के टिकट पर मैदान में है तो कांग्रेस ने उनके मुकाबले के लिए उर्मिला जैन को टिकट दिया है। जालोर सिरोही सीट से कांग्रेस ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत के पुत्र वैभव को मैदान में उतारा है तो भाजपा ने देवजी पटेल की जगह इस बार लुम्बाराम चौधरी को टिकट दिया है। अलवर में भाजपा ने इस बार बाबा बालकनाथ की जगह केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को चुनावी समर में उतारा है तो कांग्रेस ने युवा विधायक ललित यादव पर दाव लगाया है। भरतपुर में भाजपा ने रामस्वरूप कोली को टिकट दिया है तो कांग्रेस ने संजना जाटव पर भरोसा किया है।


उदयपुर सीट पर भाजपा के मन्नालाल रावत का मुकाबला कांग्रेस के ताराचंद मीणा से है। यहां आदिवासी पार्टी का उम्मीदवार भी मैदान में है। चितौड़गढ़ में भाजपा ने एक बार फिर अपने प्रदेधाध्यक्ष सी पी जोशी पर भरोसा किया है तो कांग्रेस ने उदयलाल आंजना को टिकट दी है। शेष 14 सीट पर कल तक तस्वीर साफ हो सकती है।