Skip to main content

विजन अर्जुन : जीत के प्रति कॉन्फिडेंट दिखे अर्जुनराम ने बताई अपनी अगली कार्ययोजना

RNE, BIKANER .

जिस तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनाव में जाने से पहले ही देश के लिए अपनी अगली सरकार की सौ दिवसीय कार्ययोजना का खाका तैयार कर लिया है ठीक उसी तरह बीकानेर के सांसद अर्जुनराम मेघवाल भी इस बार अपने क्षेत्र के लिए कुछ बड़ा करने जा रहे हैं। उन्होंने भी क्षेत्र के लिए सौ दिन की कार्ययोजना बनाई है इसमें दो बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।

इन दो बड़े प्रोजेक्ट पर 100 दिन में होगा काम:
मंगलवार को बीकानेर में पत्रकारों से बातचीत में ‘रूद्रा न्यूज एक्सप्रेस’ के सवाल पर मेघवाल ने कहा, मेरी 100 दिवसीय कार्ययोजना में दो बड़े प्रोजेक्ट शामिल है। पहला और बड़ा काम है बीकानेर को फर्टीलाइजर हब बनाना। यह पोटाश खनन से जुड़ा है। इसके लिए एमओयू हो चुका है। श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर से लेकर हनुमानगढ़ तक का इलाका पोटाश एरिया में आता है। यहां खनन के साथ ही फर्टीलाइजर बनाने की दिशा में काम तेज होगा।


दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट है बीकानेर को सिरेमिक हब बनाना। राजस्थान में भाजपा की भजनलाल सरकार बनने के बाद से ही इस पर काम शुरू कर चुका है। चुनाव के बाद इस काम को बहुत तेजी से पूरा करेंगे।

मैं राजस्थानी की मान्यता के पक्ष में :


राजस्थानी भाषा की मान्यता के लिये किसी समय में सबसे बड़े पैरोकार बनकर उभरे अर्जुनराम मेघवाल बीते लंबे समय से भाषा की मान्यता को लेकर चुप है। यहां तक कि उन्होंने इस मुद्दे पर कोई पत्र-व्यवहार तक नहीं किया। अब वोटिंग से दो दिन पहले पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा, मैं भाषा की मान्यता के पक्ष में हूं लेकिन एक विषय यह उठा था कि यूएन में हिन्दी को प्रतिस्थापित करना है। राजस्थानी-भोजपुरी भाषाओं को मान्यता दी तो यह पक्ष कमजोर होगा। उन्होंने जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में इसके संबंध में प्रस्ताव पारित होने की बात भी कही। हैरानी की बात यह है कि क्या एक लिटरेचर फेस्टिवल के प्रस्ताव से सरकारें निर्णय लेती हैं।

चार स्तंभों के विकास का संकल्प-पत्र:

केंद्रीय कानून मंत्री व भाजपा के संकल्प पत्र समिति सदस्य अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह की ओर से जारी भाजपा का संकल्प पत्र विकसित भारत के लिए मोदी की गारंटी पर फोकस है। संकल्प पत्र में समाज के 4 स्तंभों – महिला, युवा, गरीब और किसान के उत्थान पर जोर दिया गया है। गुड गवर्नेस, डिजिटल गवर्नेस और डेटा गवर्नेस के लिए देश में आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर्स तैयार होंगे।

ये काम होंगे :

  • एक राष्ट्र, एक चुनाव और एक सामान्य मतदाता सूची प्रणाली शुरू की जाएगी।
  • समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू किया जाएगा।
  • गरीबों के लिए मुफ्त राशन योजना 2029 तक देने का वादा।
  • 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज।
  • जन औषधि केंद्रो का विस्तार होगा।

  • मुद्रा योजना के तहत लोन की सीमा 20 लाख रुपए की जाएगी ।
  • गरीबों को 3 करोड़ घर दिए जाएंगे।
  • दिव्यांग जनों को पीएम आवास योजना में प्राथमिकता दी जाएगी।
  • राष्ट्रीय सहकारिता नीति लेकर आएंगे।
  • नमो ड्रोन दीदी योजना का विस्तार किया जाएगा।
  • अब तक 01 करोड़ माताओं और बहनों को लखपति दीदी बनाया गया है।
  • आने वाले समय में कुल 03 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया जाएगा।
  • पाइप से सस्ती रसोई गैस घर-घर पहुंचाने के लिए तेजी से काम करेंगे।
  • महिला खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए विशेष प्रोग्राम।

  • जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा।
  • 2025 में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जाएगा।
  • जनजातीय विरासत पर अनुसंधान को प्रोत्साहित होगी।
  • वन उपज स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जाएगा।
  • 700 से ज्यादा एकलव्य स्कूलों के निर्माण का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
  • देश में प्राकृतिक खेती पर बल दिया जाएगा।
  • नैनो यूरिया पर जोर दिया जाएगा किसान समृद्धि केंद्रों का विकास किया जाएगा।

फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने पर ज़ोर :

सोशल, फिजिकल और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेंगे। देश के चारों कोने में बुलेट ट्रेन चलाए जाएंगे। वंदे भारत के 3 मॉडल चलेंगे। इनमें वंदे भारत स्लीपर, वंदे भारत चेयरकार और वंदे भारत मेट्रो। पूरे देश में चार्जिंग स्टेशन और इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाए जा रहे हैं। देश में इलेक्ट्रिक व्हीकल का मार्केट बढ़ रहा है। 10 साल पहले एक साल में 2000 गाड़ियां बिकी थीं पिछले साल 17 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक गाड़ियां बिकी हैं। सैटेलाइट टाउन का निर्माण करेंगे। इसके लिए स्केल और स्पीड बढ़ाकर शहरीकरण से रोजगार पैदा किये जाएंगे।

 

किसानों के लिए यह होगा :

किसान सम्मान निधि का लाभ जारी रहेगा किसान क्रेडिट कार्ड के दायरे में पशुपालक और मछुआरों को जोड़ा है। पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ भी देश के 10 करोड़ किसानों को आगे भी मिलेगा। रिन्यूएबल एनर्जी, गोवर्धन, बायो फ्यूल, ग्रीन एनर्जी जैसे सेक्टर्स में तेजी लाएंगे।

आत्मनिर्भर भारत :

भाजपा का संकल्प पत्र देश को आत्मनिर्भरता की तरफ ले जाने वाला है। डिफेंस, एडिबल ऑयल, एनर्जी इम्पोर्ट से हम आत्मनिर्भर बनेंगे हमारा संकल्प है कि अब भारत दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहेगा। भारत को दुनिया के हर उभरते सेक्टर का ग्लोबल हब बनाने का संकल्प है। वो समय दूर नहीं जब भारत दुनिया का ग्रीन एनर्जी, इलेक्ट्रॉनिक, ऑटोमोबाइल, सेमी कंडक्टर, कॉन्ट्रेक्टिंग, कॉमर्शियल हब होगा। दुनिया के बड़े-बड़े इकोनॉमी सेंटर भारत में होंगे।

ये रहे मौजूद :
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष जालम सिंह भाटी, विजय आचार्य, विधायक जेठानंद व्यास, महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित, लोकसभा संयोजक सत्यप्रकाश आचार्य, मिडिया संयोजक मनीष सोनी, मुकेश आचार्य, कमल गहलोत उपस्थित रहे।