Skip to main content

लोकसभा चुनाव परिणाम तय करेगा राज्य सरकार में कईयों का भविष्य, पार्टी की सूरत भी बदलेगी

RNE, STATE BUREAU 

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों का राज्य सरकार पर गहरा असर पड़ेगा। पिछले दो आम चुनावों में भाजपा राज्य की सभी 25 सीटें जीतती आई है। इस बार भी उसने अधिक मतों के साथ मिशन 25 तय किया था। किंतु मतदान का प्रतिशत कम रहा और आधा दर्जन से अधिक सीटों पर कांटे का मुकाबला माना जा रहा है। मिशन 25 पूरा होता है या नहीं, इस पर राज्य के कई भाजपा नेताओं का भविष्य तय होगा।


राज्य मंत्रिमंडल में कुछ पद खाली हैं और उनको भरा जाना है। सरकार बनने के बाद से ही कई नेता मंत्रिमंडल में जगह पाने को हाथ पांव मार रहे हैं। चुनाव आने के कारण मंत्रिमंडल का विस्तार टल गया। अब लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद तो ये काम होना ही है।
किस सीट पर भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहा, इसके आंकलन के बाद ही अब तो नये मंत्रियों का निर्णय होता दिख रहा है।

जिन क्षेत्रों में भाजपा का बुरा प्रदर्शन होगा, वहां के नेताओं पर तो गाज गिरेगी, उनको नवाजा नहीं जायेगा। जिन विधायकों के क्षेत्र में पार्टी का बेहतर प्रदर्शन रहेगा उनके लॉटरी खुल सकती है। मंत्रिमंडल व विभागों में फेरबदल भी चुनाव परिणाम के बाद होने के आसार है। खराब प्रदर्शन वाले मंत्रियों को लेकर पार्टी किसी भी हद तक जा सकती है।भाजपा आलाकमान की अब तक की जो रीति रही है उसके अनुसार तो परफॉर्मेंस को ही देखा जाता है, ये नहीं देखा जाता कि नेता कौन है और उसका कद क्या है। कमजोर प्रदर्शन रहेगा जिन मंत्रियों का, उनके विभागों में भी फेरबदल हो सकता है।

भाजपा वैसे भी हर लोकसभा क्षेत्र से प्रभारियों से एक रिपोर्ट ले रही है और जानकारी जुटा रही है कि किन पदाधिकारियों, नेताओं की सक्रियता कम रही। उसके आधार पर निर्णय होंगे। उसी आधार पर सरकार में भी जगह मिलेगी। क्योंकि चुनाव परिणामों के बाद ही निगमों, बोर्ड आदि में मनोनयन होना है। उसमें भी आधार परफॉर्मेंस ही रहेगी। कुछ स्थान आने वाले स्थानीय निकायों के चुनाव को देखते हुए भी भरे जायेंगे।


ठीक इसी तरह जिले से लेकर प्रदेश तक के संगठन में भी फेरबदल तय है। उसका आधार भी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की लोकसभा चुनाव परफॉर्मेंस ही रहेगी। संगठन में भी छोटे से लेकर बड़े स्तर पर भाजपा बदलाव करेगी, ये तय सा लगता है। कुल मिलाकर लोकसभा चुनाव के परिणाम जिले से लेकर राज्य तक के कई भाजपा नेताओं का भविष्य तय करेंगे।

मधु आचार्य ‘ आशावादी ‘