Skip to main content

प्रदेश सरकार जल्द ही ‘6 दिन का सप्ताह’ लागू करने वाली है, सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों में मची खलबली

आरएनई,स्टेट ब्यूरो।

भजनलाल सरकार जल्द ही पूर्ववर्ती गहलोत सरकार का एक और अहम फैसला पलटने का मानस बना चुकी है। सचिवालय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जल्द ही सरकारी कर्मचारियों के लिए सप्ताह में 6 दिन काम करने वाला फैसला सुना सकते हैं। फैसला आने से पहले ही कर्मचारियों की बेचैनी बढ़ गई है।

साल 2008 में जब अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री थे तभी से सरकारी दफ्तरों में ‘फाइव डे वीक’ लागू हुआ था जो अभी तक चल रहा है, लेकिन अब उस फैसले को बदलने की सुगबुगाहट के बीच कर्मचारियों की सांसे भी ऊपर-नीचे हो रही हैं।

लागू होगा 6 डेज वीक

6 डेज वीक लागू होने की सूचना से अधिकारियों और कर्मचारियों में जबरदस्त खलबली मची हुई है। फैसला अभी सुनाया नहीं गया है, लेकिन तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। अब सचिवालय के गलियारों में ऐसी चर्चा जोर पकड़ने लगी है कि सरकार अब राजस्थान में 6 दिन का सप्ताह लागू करने का मन बना रही है। ऐसी खबर है कि शनिवार को आधे दिन का वर्किंग डे किया जा सकता है।

अब तक राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों की फुल मौज थी। सरकारी कर्मचारियों को पूरे सप्ताह में सिर्फ पांच दिन ही काम करना पड़ता था। शनिवार और रविवार दोनों दिन कर्मचारी चैन की नींद लेते थे, लेकिन सीएम भजनलाल ने अब जो करने का मन बनाया है, उससे कर्मचारियों और अधिकारियों में खलबली है।