Skip to main content

सिंधी समुदाय के लोग करेंगे राममंदिर के दर्शन

आरएनई,नेशनल ब्यूरो। 

राम मंदिर के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु विदेश से भी भारत पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में आज पाकिस्तान से सिंधी समाज के 200 लोगों का जत्था अयोध्या पहुंचेगा। पाकिस्तान के सिंध प्रांत का यह प्रतिनिधिमंडल भारत की एक महीने की धार्मिक यात्रा पर है और सड़क मार्ग से प्रयागराज से अयोध्या पहुंचेगा। उनके साथ भारत से सिंधी समुदाय का 150 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी यात्रा कर रहा है।

विशेष समारोह का आयोजन

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय राम की पैड़ी पर उनका स्वागत करेंगे जहां आने वाले पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के लिए एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया है।

केंद्र की स्वायत्त संस्था राष्ट्रीय सिंधी विकास परिषद के सदस्य विश्व प्रकाश रूपन ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल प्रयागराज से बस द्वारा अयोध्या पहुंचेगा। रूपन ने कहा कि इसका पहला पड़ाव भरत कुंड और उसके बाद गुप्तार घाट होगा। अयोध्या में उदासीन ऋषि आश्रम और शबरी रसोई में उनके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

प्रतिनिधिमंडल सरयू आरती में भी होगा शामिल

जानकारी के अनुसार प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार शाम राम की पैड़ी पर सरयू आरती में भी शामिल होगा, जहां चंपत राय समेत राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य उनका स्वागत करेंगे। पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के लिए अयोध्या के सिंधी धाम आश्रम में एक विशेष समारोह भी आयोजित किया गया है, जहां देश भर के कई सिंधी संघ उनका स्वागत करेंगे।

उनके साथ संत सदा राम दरबार रायपुर के पीठाधीश्वर युधिष्ठिर लाल भी हैं। अयोध्या से प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार रात लखनऊ के लिए रवाना होगा, जहां से बाद में रायपुर के लिए रवाना होगा।