Skip to main content

दिल्ली के रण में कांग्रेस ने उतारे राष्ट्रीय नेता,पार्टी उम्मीदवारों की मजबूती के लिए काम करेंगे

आरएनई, नेशनल ब्यूरो

कांग्रेस ने दिल्ली की अपनी तीनों सीटों पर अब फोकस कर लिया है। दिल्ली में आप और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। दिल्ली की 7 सीटों में से 4 पर आम आदमी पार्टी व 3 पर कांग्रेस लड़ रही है। कांग्रेस जिन 3 सीटों पर चुनाव लड़ रही है उन पर बड़े नेताओं को पर्यवेक्षक बनाया है ताकि जीत का कोई अवसर न छोड़ा जाये।

कांग्रेस के महासचिव व राजस्थान के नेता सचिन पायलट को पार्टी ने उत्तर पूर्व दिल्ली की सीट पर पर्यवेक्षक बनाया है। इस सीट पर कांग्रेस के फायर ब्रांड युवा नेता कन्हैया कुमार चुनाव लड़ रहे हैं जहां उनका मुकाबला फिल्म अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी से है। इस सीट पर कांग्रेस आलाकमान ने युवाओं की जुगलबंदी की है।

कांग्रेस इसके अलावा दिल्ली की उत्तर पश्चिम व चांदनी चौक सीट पर भी चुनाव लड़ रही है। यहां के लिए भी पर्यवेक्षक बनाये गए हैं। उत्तर पश्चिमी दिल्ली जहां उदित राज चुनाव लड़ रहे हैं वहां चौधरी बिरेन्द्र सिंह को पर्यवेक्षक बनाया गया है। चांदनी चौक सीट पर जे पी अग्रवाल चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सी पी जोशी को पर्यवेक्षक बनाया गया है।