Skip to main content

Bikaner : सिद्धी, जेठानन्द, अंशुमान, सुशीला सदस्य बने, गहलोत, राजे, पायलट एक साथ

RNE Political Desk.

राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष ने विधानसभा के सफल संचालन के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया, जिनमें विधायकों को शामिल किया गया। बीकानेर जिले के सात में से एक ही विधायक को किसी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, वे हैं खाजूवाला से तीसरी बार विधायक बने पूर्व संसदीय सचिव डॉक्टर विश्वनाथ मेघवाल। डॉक्टर मेघवाल को विधानसभा की महत्वपूर्ण अनुसूचित जाति कल्याण समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही बीकानेर से विधायक सिद्धि कुमारी, जेठानन्द व्यास, सुशीला रामेश्वर डूडी व अंशुमान सिंह भाटी को समितियों में बतौर सदस्य शामिल किया गया है।

 

दरअसल विधानसभा में विभिन्न तरह की 25  समितियां हैं, इनमें से अभी बनाई गई 15 सहित अब तक 19  समितियों का गठन हो चुका है। मतलब यह की ज्यादातर समितियां गठित हो चुकी हैं। बीकानेर जिले के प्रतिनिधित्व के लिहाज से ही बात करें तो यहां बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार भरी जीत हासिल करने वाली सिद्धी कुमारी को मिले प्रतिनिधित्व पर लोग ज्यादा खुश नहीं है।

सात में से छह सीटें जीतकर भाजपा को देने वाले इस जिले को मंत्रिमंडल गठन में खास तवज्जो नहीं मिली। यहां से महज एक मंत्री लूणकरणसर के विधायक सुमित गोदारा हैं। लगातार जीतने वाली महिला विधायक होने के बावजूद सिद्धी कुमारी को भजनलाल मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली। अब विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवननी ने भी उन्हें किसी समिति का प्रमुख नहीं बनाया है।

गहलोत, राजे, पायलट साथ  : 

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को एक ही समिति में सदस्य के तौर पर नियुक्ति दी गई है। इस समिति का नाम है नियम समिति। विधानसभा के नियम तय करने और नियमों के संशोधन की सिफारिश नियम समिति ही करती है। नियम समिति की सिफारिश पर ही विधानसभा अध्यक्ष नियम जारी करते हैं। विधानसभा के अध्यक्ष ही इस नियम समिति के पदेन सभापति होते हैं। चार बार की विधायक सिद्धि कुमारी को नियम समिति में स्थान मिला है।

इन विधायकों को यहां मिली जगह : 

बीकानेर पश्चिम सीट से विधायक जेठानन्द व्यास को याचिका समिति में रखा गया है। इस समिति के सभापति हमीर सिंह भायल हैं। इस समिति में गणेश घोघरा, कंवरलाल, वीरेंद्र सिंह आदि सदस्य हैं।

नोखा की विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी को महिलाओं एवं बालकों के कल्याण संबंधी समिति में रखा गया है। इस समिति की सभापति शोभा चौहान है। इस समिति में दीप्ति किरण माहेश्वरी, शिखा मील बराला, प्रियंका चौधरी, शिमला देवी आदि सदस्य हैं।

कोलायत के युवा विधायक अंशुमान सिंह भाटी को दो समितियों में स्थान मिला है। भाटी को सरकारी आश्वासनों संबंधी समिति का सदस्य बनाया गया है जिसके सभापति जितेंद्र कुमार गोठवाल है। इसके अलावा अंशुमान सिंह भाटी को प्रश्न एवं संदर्भ समिति में भी रखा गया है जिसके सभापति संदीप शर्मा है।

राजस्थान विधानसभा में ये समितियां :

  1. अधीनस्थ विधान सम्बन्धी समिति
  2. अनुसूचित जन जाति कल्याण समिति
  3. अनुसूचित जाति कल्याण समिति
  4. अल्पसंख्यकों के कल्याण सम्बन्धी समिति
  5. कार्य सलाहकार समिति
  6. गृह समिति
  7. जन लेखा समिति
  8. नियम उप समिति
  9. नियम समिति
  10. पर्यावरण सम्‍बन्‍धी समिति
  11. प्रवर समिति
  12. प्रश्न एवं संदर्भ समिति
  13. प्राक्कलन समिति (क)
  14. प्राक्कलन समिति (ख)
  15. पुस्तकालय समिति
  16. पिछड़े वर्ग के कल्‍याण सम्‍बन्‍धी समिति
  17. महिलाओं एवं बालकों के कल्याण सम्‍बन्‍धी समिति
  18. मा. विधायकों के आवास संबंध में गठित समिति
  19. याचिका समिति
  20. राजकीय उपक्रम समिति
  21. विशेषाधिकार समिति
  22. स्‍थानीय निकायों और पंचायतीराज संस्‍थाओं सम्‍बन्‍धी समिति
  23. सदाचार समिति
  24. सरकारी आश्वासनो सम्बन्धी समिति
  25. सामान्य प्रयोजनो सम्बन्धी समिति