Skip to main content

मौसम: बादलों ने किया शनिवार का स्वागत, तापमान कम, आज हवाओं के साथ बारिश सम्भव

  •  एक दिन में ही पारा 6 डिग्री के आसपास गिरा
  •  आज रहेगा हवाओं का जोर

आरएनई, बीकानेर

शनिवार का बीकानेर में मौसम ने बादलों से स्वागत किया। बादलों से आकाश भरा हुआ था। हवा उसके कारण थमी हुई थी। रात को चली ठंडी हवाओं के कारण सुबह उमस नहीं थी। मौसम मनभावन था, इस कारण मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या आज अधिक थी। सुबह का मौसम बता रहा था कि दिन में आज भी कल की तरह तापमान अधिक नहीं रहेगा।

बीकानेर में आज हवाएं रहेगी
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार आज पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में हवाएं चलेगी जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं पूर्वी राजस्थान में आज भी प्री मानसून की वर्षा होगी। बीकानेर, चूरू, जालौर, जोधपुर, नागौर व पाली जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

मानसून की 25 को उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 20 जून को मानसून को दक्षिण पूर्वी हिस्से में प्रवेश करना था। अब 5 दिन विलंब के बाद इसकी एंट्री 25 जून को होने की संभावना है।

हवा, आंधी से पारा गिरा, गांवों में राहत

शुक्रवार को अचानक से पारा पांच डिग्री के आसपास गिर गया। वहीं नोखा में बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। बीकानेर के ग्रामीण क्षेत्र में कल न गर्मी अधिक थी और न लू का असर था। शहरी क्षेत्र में भी राहत थी। कल बीकानेर में अधिकतम तापमान गिरकर 37.6 पर आ गया तो न्यूनतम तापमान भी लुढ़ककर 26.5 पर आया। मौसम विभाग के अनुसार आज हवाएं चलेगी और मौसम शुष्क रहेगा।