Skip to main content

कांग्रेस सांसद को तुरंत ले जाना पड़ा अस्पताल, कांग्रेस का सत्ता पक्ष पर संवेदनहीनता का आरोप

RNE, NETWORK .

आज राज्यसभा की चल रही कार्यवाही के बीच अचानक से सांसद फूलो देवी बेहोश होकर गिर पड़ी। वे छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य हैं। उनके गिरते ही कांग्रेस के सांसदों में अफरातफरी मच गई। उनको बाद में सदन से अस्पताल एम्बुलेंस में भेजा गया।

उस समय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजूजू भी एम्बुलेंस के पास खड़े थे। थोड़ी देर में ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ कई सांसद भी अस्पताल पहुंच गये।

अस्पताल के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए खड़गे ने इस बात पर नाराजगी जताई कि एक सदस्य के साथ ऐसा हो जाने पर सदन की कार्यवाही को चालू रखा गया। एकबारगी सदन को स्थगित किया जा सकता था। मगर बाद में थोड़ी देर स्थगित किया। खड़गे ने सत्ता पक्ष के व्यवहार पर नाराजगी जताई।

राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने भी अस्पताल जाकर आने के बाद सरकार पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाया। आज के सत्ता पक्ष के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए प्रतापगढ़ी ने कहा कि ये मानवीयता तो नहीं।

बाद में तबीयत थोड़ी ठीक होने के बाद प्रेस से बात करते हुए फूलो देवी ने कहा कि मुझे चक्कर आया और मैं बेहोश हो गई। हम चार घन्टे से नीट पर बहस की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बीपी बढ़ने से मेरी तबीयत बिगड़ी।