Skip to main content

बारिश-बदइंतजामी पर राजनीति : बिशनाराम ने बैनर लहराये, भाजपा बोली गिरेबान में झांके

    • भाजपा बोली, बीकानेर की सड़कों पर कांग्रेस के भ्रष्टाचार की नदी बही
    • कांग्रेस अध्यक्ष ने बारिश के बीच लहराये बैनर

RNE, Bikaner.

बीकानेर में एक ओर जहां मानसून सैलाब बनकर आया वहीं दूसरी ओर बदइंतजामी पर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस के अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने बारिश के पानी से लबालब सड़क पर बैनर थामकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया, ट्रिपल इंजन सरकार व्यवस्थाएं संभालने में विफल हैं। भाजपा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए कहा, गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार की नदी सड़कों पर बहती नजर आई।

भाजपा का पलटवार : गिरेबान में झांके कांग्रेस

मौसम में जब राजनीति का दखल हो गया तो भाजपा भी इसमें पीछे रहने वाली नहीं थी। शहर भाजपा के अध्यक्ष विजय कुमार आचार्य और महामंत्री मोहन सुराणा ने इस हालात के लिये कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। इन नेताओं ने कहा, सड़क पर बहता पानी कांग्रेस के भ्रष्टाचार की नदी है। गहलोत सरकार ने सीवरेज के काम में भ्रष्टाचार किया। बगैर काम किये भुगतान कर दिया। इसका मेयर सहित पूरी भाजपा ने विरोध किया था। आज उसके परिणाम देखने को मिल रहे हैं।

कांग्रेसराज में बने भ्रष्टाचार के गड्ढे पाटने का काम हमारे जिम्मे हैं। हमारी सरकार हर हाल में हालात सुधारेगी लेकिन कांग्रेस नेताओं को घडियाली आंसू बहाने की बजाय अपने गिरेबान में झांकना चाहिये।