Skip to main content

मौसम : देर रात की बारिश से सुबह सुहावनी, बादलों का डेरा, गर्मी का असर नहीं

** गांवों में हुई जमकर वर्षा
** आज भी बारिश की संभावना

RNE, Bikaner.

कल आधी रात के बाद हुई तेज बारिश ने सुबह के मौसम को पूरी तरह बदलकर रख दिया। सुबह बहुत सुहावनी थी। कल शाम को पहले बारिश हुई और फिर रात 12 बजे के बाद तेज बारिश हुई। उससे गर्मी व उमस पूरी तरह से गायब थे। सुबह रात की बारिश के कारण सड़कों व कॉलोनियों के पार्क में पानी भरा था इस कारण मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या बहुत ही कम थी। बादलों का जमावड़ा इस बात का संकेत था कि आज भी बारिश बीकानेर पर मेहरबान रहेगी।

गांवों में जमकर हुई बरसात

बीकानेर के ग्रामीण क्षेत्र में जमकर बारिश हुई है। इससे किसान प्रसन्न है क्योंकि इससे खरीफ की फसल को फायदा होगा। कल श्रीडूंगरगढ़, सूडसर, नापासर, लालमदेसर बड़ा में बारिश मेहरबान रही। शहर में हुई अधिक बारिश ने जरूर लोगों के लिए परेशानी पैदा की। नालों की सफाई न होने से सड़कों पर दरिया बह रहा था।

मानसून ट्रफ लाइन के कारण वर्षा

मानसून ट्रफ लाइन के बीकानेर – जयपुर से गुजरने के प्रभाव के कारण बीकानेर, उदयपुर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग में कल जमकर बारिश हुई।

अब 16 से सक्रिय होगा मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन हिमालय की तरफ शिफ्ट हो जायेगी। इससे शुक्रवार यानी आज से राज्य के अधिकांश भागों में चार दिन पश्चिमी हवा के प्रभावी होने और बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है। अब 16 जुलाई को मानसून सक्रिय होगा।

बीकानेर में बारिश की संभावना

आज बीकानेर में सुबह से बादलों का जमावड़ा है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आज बीकानेर में बारिश की संभावना है। कल बीकानेर में अधिकतम तापमान 42.2 व न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री रहा।