Skip to main content

थानेदार को सस्पेंड करने का प्रस्ताव, 26 लाख मुआवजा, एक सदस्य को नौकरी

  • हत्या के 40 घंटे तक आक्रोशित लोगों का प्रदर्शन
  • बीकानेर बंद करने पर हो चुका था निर्णय

RNE Bikaner

खारा की प्लास्टर फैक्ट्री में युवक की हत्या के बाद 40 घंटे तक चले आंदोलन के बावजूद समाधान नहीं निकलने पर पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया। कलेक्टर-एसपी को चेतावनी दी, तुरंत समाधान नहीं हुआ तो जनसमूह के साथ सड़क पर उतरूंगा।

लगातार 40 घंटे से चल रहे आंदोलन से वैसे ही पुलिस-प्रशासन की काफी किरकिरी हो चुकी थी। ऐसे में भाटी की घोषणा के बाद अधिकारियों के हाथ-पांव फूलने लगे। आनन-फानन में प्रदर्शनकारियों से भी बार-बार वार्ता की। इसके साथ ही मांगें मानते हुए आंदोलन स्थगित करने का आग्रह किया।

दूसरी ओर जिला कलेक्टर नमृता वृष्णि एवं एसपी तेजस्विनी गौतम ने पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी को अवगत करवाया कि मृतक के परिजन को एनटीपीसी सोलर में संविदा पर नोकरी दी जाएगी। परिजनों को 26 लाख रुपए मुआवजा देना प्रस्तावित किया गया है। इसके साथ ही थाना एसएचओ को निलंबन के लिए डीजीपी को अनुशंसा होगी। मुल्जिमों की गिरफ्तारी के लिए सशक्त टीम के गठन की बात भी कही।

प्रशासनिक अधिकारियों की इस सूचना के बाद भाटी ने प्रदर्शनकारियों सहित राजपूत समाज और सर्व समाज के प्रतिनिधियों से बात की। चूंकि पहले बीकानेर बन्द का आह्ववान करने का निर्णय हो गया था, उसे स्थगित किया।

 

पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के नकारात्मक रवैये से राजस्थान सरकार की छवि खराब होती है इसलिए जिम्मेदारों का फर्ज बनता है कि सब अपना काम ठीक ढंग से करें।

बढ़ रहा था आक्रोश: शव नहीं उठाया, रास्ता जाम

दरअसलन रविवार तड़के खारा स्थित गोदारा पीओपी फैक्ट्री में एक युवक नरेन्द्रसिंह पुत्र गिरधारी सिंह की हत्या हो गई। घटना की सूचना मिलने के साथ ही परिजन मौके पर पहुंचे और रविवार को पूरे दिन फैक्ट्री के आगे धरना दिये बैठे रहे। युवक की जहां मौत हुई थी वहीं खुले मंे शव पड़ा रहा उसे ढंका तक नहीं गया। देर रात तक बातचीत चलती रही लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अलबत्ता रात को शव पोस्टमार्टम के लिये ले जाने पर सहमति बन गई।

सोमवार सुबह फिर पोस्टमार्टम रूम के आगे धरना लगा दिया। बात बनती नहंी दिखी तो आक्रोशित लोग जयपुर रोड हाइवे पर पहुंच गये। म्यूजियम सर्किल पर धरना दे दिया। टायर जलाकर हाइवे जाम कर दिया। मौके पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। बार-बार वार्ताएं हुई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पाया।

भाजपा देहात अध्यक्ष जालमसिंह भाटी भी पहुंचे। बातचीत कर मांग-पत्र लेकर पुलिस अधिकारियों को दिया लेकिन कोई हल नहीं निकला। धरनास्थल पर भाजपा नेता सुरेन्द्रसिंह शेखावत, भगवानसिंह मेड़तिया, श्यामसिंह हाडला, कांग्रेस नेता प्रहलादसिंह मार्शल, समाजसेवी दिनेश भदौरिया सहित बड़ी तादाद में सर्वसमाज के लोग मौजूद रहे।