
संगठन की चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने का दिल्ली से फरमान, प्रदेशाध्यक्ष के निर्वाचन तिथि तय नहीं
RNE Network
भाजपा संगठन के चुनावों की सुस्त पड़ी प्रक्रिया को अब फिर से तेज किया जायेगा। दो माह देरी से चल रही है संगठन के चुनाव की प्रक्रिया, उसे अब जल्दी पूरा करने के निर्देश दिल्ली से आये हैं।
भाजपा जल्द ही बचे हुए जिलाध्यक्षों की घोषणा करेगी। पार्टी प्रदेश में 44 संगठन जिलों में से 27 में ही जिलाध्यक्ष घोषित कर पाई है। अभी भी 17 जिलाध्यक्षो का निर्वाचन बाकी है। भाजपा के राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नारायण पंचारिया का कहना है कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हो रहे हैं। दिल्ली चुनाव में नेताओं को जिम्मेदारी दी गई थी, इस वजह से देरी हुई है। अब जिलाध्यक्षों की चुनाव प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी। संभवतः 3 से 4 दिन में ही शेष रहे जिलों में अध्यक्ष की निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो जायेगी।
पंचारिया के अनुसार प्रदेशाध्यक्ष की निर्वाचन प्रक्रिया की तिथि अभी नहीं आयी है। राष्ट्रीय इकाई के निर्देश के बाद प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। संगठन चुनाव के तहत अब तक एक हजार से ज्यादा मंडलों में अध्यक्ष बनाये जा चुके हैं। 52 हजार में से 43 हजार से ज्यादा बूथ अध्यक्ष बन चुके हैं।