Skip to main content

Rajasthan Budget 2025 : दिया कुमारी ने गरीब, जवान, किसान, बुजुर्ग के साथ इन्फ्रा और विकास के लिए ये किये इंतजाम!

  • सवा लाख सरकारी भर्तियां
  • हर विधानसभा में 10 करोड़ की सड़कें
  • 150 यूनिट बिजली फ्री
  • 1050 तकनीकी पद

RNE Jaipur.

राजस्थान की भजनलाल सरकार के वर्ष 2025-26 का बजट बुधवार को उपमुख्यमंत्री एवं वित्तमंत्री दिया कुमारी ने विधानसभा में पेश किया। इस बजट में दिया कुमारी ने एक तरह से घोषणाओं का अंबार लगाते हुए जहां जवान, किसान, महिला, बजुर्ग, गरीब, मध्यमवर्ग सभी को छूने का प्रयास किया वहीं इन्फ्रा और विकास के लिए भी पर्याप्त इंतजाम बताये।

युवाओं के लिए बड़ी घोषणाओं में 1.25 लाख सरकारी नौकरियों में भर्ती के साथ ही स्किल डवलपमेंट और निजी क्षेत्र में रोजगार दिलवाने, स्टार्टअप में मदद का वादा किया गया है। बुजुर्गों को एयरोप्लेन से तीर्थयात्रा के साथ ही ट्रेन के एसी कोच में तीर्थयात्रा करवाई जाएगी। हर विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ से और मरूस्थलीय क्षेत्रों में 15 करोड़ से नॉन पेचेबल सड़कों का काम होगा। 150 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। जिन गरीब परिवारों के घरों में सोलर प्लेट लगाने की जगह नहीं होगी उन्हें सामुदायिक सोलर सिस्टम से जोड़ने की घोषणा भी हुई है।

युवाओं के लिए यह होगा :

  1. राजस्थान रोजगार नीति 2025 लाई जाएगी।
  2. सरकारी विभागों व राजकीय उपक्रमों में 1 लाख 25 हजार पदाें पर भर्ती।
  3. निजी क्षेत्र में 1.5 लाख नौकरी दिलाई जाएंगी।
  4. अपना उद्यम स्थापित करने के लिए स्कीम फॉर फर्स्ट टाइम एंटरप्रेन्योर।
  5. 25 हजार महिला, एससी-एसटी उद्यमी को लाभ दिलाया जाएगा।
  6. विश्वकर्मा युवा उद्यमी योजना की शुरुआत होगी।
  7. 2 करोड़ तक के लोन पर 8 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और 5 लाख रुपए तक की मार्जिन मनी।
  8. 500 करोड़ के विवेकानंद रोजगार सहायता कोष की घोषणा।
  9. अगले साल 1500 स्टार्ट अप बनाएंगे, 750 से ज्यादा स्टार्टअप को फंड उपलब्ध कराई जाएगी।
  10. स्टार्टअप को नेटवर्किंग उपलब्ध कराने के लिए हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु में हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। करियर काउंसिलिंग सेंटर की स्थापना होगी।
  11. 50 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  12. बीकानेर,अलवर, अजमेर में डिजिटल प्लानेटेरियम बनेंगे।
  13. भरतपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर के साइंस सेंटर में इनोवेशन हब की स्थापना होगी।

महिला, बच्चे, बुजुर्ग, विधवा :

  1. 20 लाख महिलाएं होंगी लखपति दीदी बनाएंगे। इन्हें 1.5 प्रतिशत ब्याज पर 1 लाख तक का लोन दिया जाएगा। यह ब्याज पहले 2.5 प्रतिशत था।
  2. आंगनवाड़ी केंद्रों पर अंतिम 5 महीने के लिए मुख्यमंत्री सुपोषण किट योजना लागू की जाएगी।
  3. बालिका गृह में रहने वाली बालिकाओं के लिए 50 बेडेड सरस्वती होम बनेंगे।
  4. 10 जिला मुख्यालयों पर गर्ल चाइल्ड केयर सेंटर खुलेंगे।
  5. आंगनवाड़ी में सप्ताह में 5 दिन दूध दिया जाएगा। 200 करोड़ से ज्यादा का खर्च आएगा।
  6. 10 लाख नए परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जोड़ा जाएगा।
  7. 5 हजार उचित मूल्य की दुकानों पर अन्नपूर्णा भंडार खोले जाएंगे।
  8. कमजोर आय वाले बुजर्ग, विधवा की पेंशन 1250 रुपए होगी।
  9. एक लाख दिव्यांगों को आर्टिफिशियल लिंब उपकरण 150 करोड़ की लागत से उपलब्ध करवाए जाएंगे।
  10. दादूदयाल घुमंतु सशक्तिकरण योजना शुरू होगी, इस पर 60 करोड़ खर्च होंगे,
  11. घुमंतू परिवारों को 25 हजार आवास पट्टे दिए जांएगे।
  12. 2000 मिट्टी गूंथने की मशीनें उपलब्ध करवाई जाएगी।
  13. अनुजा निगम सहित कमजोर तबकों को बांटे गए कर्जों के वन टाइम सैटलमेंट के लिए स्कीम लाई जाएगी।
  14. 350 करोड़ का गिग एंड अनऑर्गेनाइज्ड वर्कर फंड बनेगा

बिजली-पानी :

  1. 150 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी, इसे पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ा जाएगा।
  2. 5000 कृषि कनेक्शन और 5 लाख घरेलू कनेक्शन देने की घोषणा।
  3. 2 लाख घरों को नए पानी कनेक्शन से जोड़ा जाएगा
  4. 2 लाख घरों में पेयजल के लिए 400 करोड़ से ज्यादा के कार्य कराए जाएंगे।
  5. पेयजल के लिए तकनीकी कर्मचारियों का संविदा काडर बनाया जाएगा। 1050 नए पद होंगे।
  6. अगले साल एक हजार ट्यूबवेल्स और 1500 हैंडपंप लगाए जाएंगे।

टूरिज्म, धर्म, अध्यात्म :

  1. धार्मिक पर्यटन स्थलों का विकास होगा।
  2. 100 करोड़ की लागत से ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट विकसित किया जाएगा।
  3. मानगढ़ धाम, गोतमेश्वर मंदिर सहित सभी प्रमुख साइट्स को शामिल किया जाएगा।
  4. 6000 वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से जबकि 50 हजार बुजुर्गों को एसी ट्रेन से तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी।
  5. मंदिरों में भोग की राशि 3000 और पुजारियों का मानदेय 7000 होगा।
  6. जयपुर में गोविंद देवजी कला महोत्सव का आयोजन होगा, साल भर आयोजन होंगे, 50 करोड़ खर्च होंगे।

स्वास्थ्य: बुजुर्गों के लिए नए पैकेज, महिलाओं के लिए मां फंड

  1. 70 से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना में नए पैकेज जोड़े जाएंगे।
  2. 3500 करोड़ का मां फंड। मां योजना में प्रदेश के बाहर भी इलाज करवा सकेंगे।
  3. सभी जिला अस्पतालों में डायबिटिक क्लीनिक खुलेंगे।
  4. सभी पीएचसी पर डिजिटल एक्सरे मशीन लगेगी।
  5. फिट इंडिया की तर्ज पर ​ फिट राजस्थान अभियान शुरू होगा, 50 करोड़ खर्च होंगे।
  6. प्रदेश की नई आयुष नीति लाई जाएगी, गांवों को आयुष्मान आदर्श गांव घोषित कर 11 लाख रुपए दिए जाएंगे।

इंफ्रा : 15 शहरों में रिंग रोड, जयपुर में मेट्रो नया फेज

  1. बालोतरा, जैसलमेर, झालावाड़, डूंगरपुर सहित 15 शहरों में रिंग रोड बनेंगे। डीपीआर के लिए 50 करोड़। जयपुर में सड़कों के लिए 250 करोड़ रुपए अलग से दिए जाएंगे।
  2. रोडवेज को 500 नई बसें मिलेंगी। शहरी क्षेत्रों में भी 500 बसें मिलेंगी।
  3. जयपुर मेट्रो के सेकेंड फेज के तहत 12 हजार करोड़।
  4. मेट्रो के लिए सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र से अंबावाड़ी, विद्याधर नगर तक काम किया जाएगा।
  5. जगतपुरा, वैशाली में मेट्रो के लिए सर्वे किया जाएगा।
  6. 5 हजार करोड़ से ज्यादा से सड़क, ब्रिज का उन्नयन कार्य किया जाएगा।
  7. 2750 किमी से ज्यादा लंबाई के 9 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बनेंगे।
  8. हर विधानसभा में 10-10 करोड़ की राशि से नॉन-पैचेबल सड़कों के कार्य करवाए जाएंगे।
  9. मरुस्थलीय क्षेत्र में यह राशि 15-15 करोड़ रुपए प्रति विधानसभा दी जाएगी।
  10. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 1600 बसावटों को डामर सड़कों से जोड़ा जाएगा।
  11. 5 हजार से अधिक ग्रामीण कस्बों में सीमेंट कंक्रीट से अटल प्रगति पथ बनेंगे।
  12. 500 करोड़ की लागत से 250 गांवों में यह काम अगले साल होंगे।