
National Herald Case : कांग्रेस सड़क पर, इनकम टैक्स ऑफिस के आगे मोदी के खिलाफ नारे
RNE Bikaner.
‘जब-जब मोदी डरता है, ईडी को आगे करता है‘ नारे लगाते हुए कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता गुरुवार को इनकम टैक्स ऑफिस के आगे एकत्रित हुए। जमकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा और मोदी के खिलाफ नारे लगाये, तख्तियां लहराई। कहा, कांग्रेस न डरेगी न झुकेगी।
दरअसल नेशनल हेराल्ड मामले में सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताते हुए कांग्रेस ने देशभर में इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। इसी कड़ी में गुरुवार को बीकानेर में भी इनकम टैक्स ऑफिस के आगे शहर एवं देहात कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन किया गया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, सुषमा बारुपाल, जावेद पड़िहार, मदनगोपाल मेघवाल, अनिल कल्ला सहित बड़ी तादाद में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए। इन नेताओं ने कहा, मोदी सरकार विपक्ष को रौंदकर लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश कर रही है। ईडी जैसी सरकारी संस्था को एक राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर भाजपा बदले की राजनीति पर उतर आई है। सरकार की इस मनमानी के आगे कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं झुकेंगे।