Skip to main content

पहलगाम पर अब भाजपा सांसद जांगड़ा के विवादित बोल, जोश में राज्यसभा सदस्य की जुबान फिसली, भाजपा को लगाम लगानी चाहिए

RNE Network.

पहलगाम आतंकी हमले पर अब हरियाणा से भाजपा के राज्यसभा सदस्य रामचन्द्र जांगड़ा ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में जिनकी मांग का सिंदूर छिना उनमें वीरांगना का भाव नहीं था, जोश नहीं था, दिल नहीं था, इसलिए आतंकियों की गोली का शिकार हो गये।


कल भिवानी के पंचायत भवन में आयोजित अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति जिला संगोष्ठी में व बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वहां आतंकी घटना के समय जो महिलाएं थी उन्हें आतंकियों से लड़ना चाहिए था। लड़ते तो कम शहादत होती और वे भी मारे जाते।


उन्होंने कहा कि हाथ जोड़ने से कौन छोड़ता है। आतंकवादी तो मारने के लिए ही आये थे , कितने हाथ जोड़ लोगे, कुछ होना थोड़े ही था। अगर उनके साथ टकरा जाते तो कम कैज्युलटी होती। सांसद ने कहा यही तो अग्निवीर योजना प्रधानमंत्री ने चलाई थी। अगर वहां का हर पर्यटक अग्निवीर होता तो मेरी समझ मे हर आतंकवादी को घेर लेते।

जब सांसद जांगड़ा से सवाल किया गया कि कोई महिला किसी आतंकवादी से कैसे लड़ पाती, उन्होंने कहा क्यों नहीं। अहिल्याबाई क्या थी, रानी झांसी क्या थी, महिला थी ना। उन्होंने कितना टकराव किया। हमें यही भाव तो जगाना है कि वीरता के भाव में रहे।

भाजपा के तीसरे नेता के ऐसे बोल:

जांगड़ा पहले नेता नहीं है। इससे पहले मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने सोफिया कुरेशी पर विवादित बयान दिया। फिर मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री ने सेना को लेकर विवादित बोल बोले। अब राज्यसभा सदस्य रामचन्द्र जांगड़ा ये बोल गए। मगर भाजपा ने अब तक किसी भी नेता पर एक्शन नहीं लिया है। न सख्ती से लगाम लगाई है।