Skip to main content

पोकरण के सैन्य युद्धाभ्यास में दिखाई देगा भारतीय सेना का रोबोटिक डॉग ‘MULE’ जाने इसकी खूबियों के बारे में

आरएनई,पोकरण। 

सेना पहली मर्तबा पोकरण में मल्टी-यूटिलिटी लेग्ड इक्विपमेंट का प्रदर्शन करेगी। रक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय सेना ने दुश्मन की नापाक हरकतों पर निगरानी बढ़ाने और युद्ध अभियानों में सहायता के लिए एक रोबोटिक डॉग MULE डेवलप किया है। इसका सफल परीक्षण पोखरण में 12 मार्च को होने वाले सेना के युद्धाभ्यास में भी दिखाई देगा।म्यूल यानी मल्टी-यूटिलिटी लेग्ड इक्विपमेंट में कई खूबियां हैं। जैसे ये थर्मल कैमरों और रडार से लैस है। इसकी सबसे बड़ी खासियत है इसका डिजाइन जो इसे बर्फ, रेगिस्तान, ऊबड़-खाबड़ जमीन, ऊंची सीढ़ियों यहां तक कि पहाड़ी इलाकों में हर बाधा को पार करने में सक्षम बनाता है। यही नहीं इसमें खास तकनीक भी है जिसके जरिए दुश्मन के ठिकानों पर फायरिंग की भी क्षमता है।पोकरण में म्यूल का होगा परीक्षण

12 मार्च को राजस्थान के पोकरण में भारतीय सेना की ओर से सशस्त्र बलों के स्वदेशी हथियारों और उपकरणों की ताकत का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे जुड़ी एक शॉर्ट वीडियो भी इंडियन आर्मी की ओर से एक्स पर पोस्ट की गई है। इसी में भारतीय सेना का रोबोटिक डॉग म्यूल भी एक्शन में नजर आता है। ये रोबोट डॉग साल 2023 में ही भारतीय सेना के मिलिट्री इंटेलिजेंस में शामिल किया गया था।लगातार दस घंटे तक काम करने की क्षमता

रोबोटिक डॉग म्यूल, जिसे मल्टी-यूटिलिटी लेग्ड इक्विपमेंट कहते हैं, ये देखने और कद-काठी में बिल्कुल कुत्ते जैसा नजर आता है। इसकी चार टांगें हैं। म्यूल का वजन करीब 51 किलो के आसपान है। इसकी लंबाई 27 इंच है। ये मात्र एक घंटे में रिचार्ज हो जाता है। इसके बाद लगातार दस घंटे तक काम करने की क्षमता है। MULE की पेलोड क्षमता 12 किलोग्राम (26.5 पाउंड) है। इसमें कैमरे और सेंसर के अलावा, सेना के जवानों को किसी भी नुकसान से बचाते हुए दुश्मन के ठिकानों पर गोलीबारी करने की भी तकनीक शामिल की गई है।