Skip to main content

संयुक्त शासन सचिव अपर्णा गुप्ता ने जारी किए आदेश

आरएनई, बीकानेर

राज्य सरकार ने साहित्य, कला, संस्कृति की सभी अकादमियों के लिए प्रशासक लगा दिए हैं। नई सरकार बनने के बाद से अध्यक्ष हट गये थे और किसी को चार्ज नहीं मिला था। इस कारण प्रदेश की सभी अकादमियां कोई गतिविधि नहीं कर पा रही थी।

अब प्रशासक चाहे तो अकादमी की गतिविधियों को शुरू कर सकते हैं। सरकार ने सभी अकादमियों में संभागीय आयुक्तों को प्रशासक बनाया है। इस आशय के आदेश संयुक्त शासन सचिव अपर्णा गुप्ता ने जारी किए हैं।

राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर व राजस्थान पंजाबी भाषा अकादमी, श्रीगंगानगर का प्रशासक बीकानेर संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी को बनाया गया है।

राजस्थान ललित कला अकादमी, राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी, राजस्थान सिंधी अकादमी, राजस्थान संस्कृत अकादमी, राजस्थान उर्दू अकादमी व जवाहर लाल नेहरू बाल साहित्य अकादमी का प्रशासक जयपुर संभागीय आयुक्त को बनाया गया है।

राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर का प्रशासक संभागीय आयुक्त उदयपुर को बनाया है। राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, जोधपुर व राजस्थान प्राकृत भाषा एवं साहित्य अकादमी, जोधपुर में संभागीय आयुक्त जोधपुर को प्रशासक लगाया गया है।