Skip to main content

Bikaner : अनूठा तिरंगा उत्सव, एक किमी लंबा तिरंगा थाम हजारों सड़क पर उतरे

  • सैकड़ों हाथों में थमा एक किमी लंबा तिरंगा कोटगेट पहुंचा तो हजारों कंठों से गूंजा ‘भारत माता की जय’
  • अनूठा तिरंगा उत्सव, तिरंगा थामने आये हजारों लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाये
  • भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष वेद व्यास, जसराज सींवर की टीम ने तिरंगा यात्रा का इतिहास दोहराया
  • पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही भाजपा के अध्यक्ष, पदाधिकारी, नेता रहे मौजूद

 

 

RNE Bikaner.

हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ों लोग जब कोटगेट के नजदीक पहुंचते दिखे तो यहां मंच और उसके आस-पास मौजूद भारी भीड़ ने एक स्वर में उद्घोष लगाया ‘भारत माता की जय’ ‘वंदे-मातरम’।

देशभक्ति गीतों पर लोग थिरकने लगे। उत्साह ऐसा कि हर कोई तिरंगा को हाथ लगाकर यानी थामकर खुद को धन्य समझ रहा था।

मौका था बीकानेर में एक किमी लंबा तिरंगा लहराने का इतिहास दोहराने का।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के शहर अध्यक्ष वेद व्यास के साथ ही देहात अध्यक्ष जसराज सींवर और इनके साथियों ने मिलकर एक बार फिर एक किमी तिरंगे की यात्रा बीकानेर में निकाली। इस बार जगह चुनी बीकानेर के दाऊजी मंदिर से कोटगेट तक।

दाऊजी मंदिर से तिरंगा लेकर सैकड़ों लोग रवाना हुए। इनमंे युवा, बुजुर्ग, महिलाएं, युवतियां, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड के स्वयंसेवक शािमल रहे।

बड़ी तादाद में सड़क के दोनों ओर लोग इस अद्भुत यात्रा को देखने खड़े थे। जिसके भी आगे से तिरंगा गुजरता वह हाथ बढ़ाकर एकबारगी इसे थामता और उत्साह से झूम उठता।

एक किमी लंबा तिरंगा थामे रवाना हुए यात्रियों के इस मार्च का जगह-जगह फूलों और उद्घोषों से स्वागत हुआ।

ज्योंहि यह यात्रा कोटगेट पहुंची यहां हजारों लोगों ने गगनभेदी नारे लगाये। मंच पर वेदव्यास, जसराज सींवर आदि जहां व्यवस्थाएं बनाने में जुटे दिखे वहीं शहर भाजपा अध्यक्ष विजयकुमार आचार्य, देहात भाजपा अध्यक्ष जालमसिंह भाटी, आईजी ओमप्रकाश, सीओ शालिनी बजाज, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, सुमन छाजेड़ आदि मौजूद रहे।

हालांकि मंच पर से कई वक्ताओं ने इस मौके पर संबोधित किया लेकिन उत्साहित लोग ‘भारत माता के जयकारों’ की धुन पर ही कूदते-थिरकते रहे। माहौल में तब पूरी तरह अनुशासन छा गया जब राष्ट्रगान शुरू हुआ। कोटगेट से दूर तेलीवाड़ा तक, दूसरी ओर नया कुआं की तरफ हजारों लोग ‘सावधान’ की मुद्रा में खड़े हो गए और पूरे मनोयोग के साथ राष्ट्रगान किया।