Skip to main content

बीकानेर स्थापना दिवस मुख्य समारोह : अली-गनी के आलाप से आगाज, 20 को अवार्ड, 46 का सम्मान

  • शाही बैंड की धुन और तालियों की गूंज के साथ प्रतिभाओं का सम्मान
  • विधायक जेठानंद व्यास, क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष करण प्रताप सिंह, BSF के सेवानिवृत महानिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, UIT के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, पद्मश्री अली-गनी के हाथों सम्मान

RNE Bikaner.

बीकानेर नगर स्थापना दिवस का मुख्य समारोह अक्षय द्वितीया मंगलवार को राव बीकाजी प्रतिमा स्थल जूनागढ़ पर संपन्न हुआ। राव बीकाजी संस्थान के अध्यक्ष डॉ गिरिजा शंकर शर्मा ने बताया की राव बीकाजी की प्रतिमा का विधिवत पूजन वेदपाठी ब्राह्मण और राजगुरु द्वारा पूरे विधि विधान से किया गया। इसके उपरांत महाराजा राय सिंह जी ट्रस्ट के शाही बेंड की ध्वनि के साथ मुख्य समारोह का आयोजन किया गया जिसमें अलग-अलग क्षेत्र के विभूतियों को सम्मानित किया गया ।

राव बीकाजी संस्थान के महामंत्री विद्यासागर आचार्य ने बताया कि इस वर्ष जिन विभूतियों को सम्मानित किया गया उनका कार्य क्षेत्र सराहनीय रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम की विधायक श्री जेठानंद व्यास थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सीमा सुरक्षा बल के सेवानिवृत महानिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका तथा लोक गायक पद्मश्री अली गनी बंधु थे।

इनको अवार्ड :

मुख्य समारोह के प्रभारी नरेंद्र सिंह स्याणी ने बताया कि इस वर्ष शिक्षाविद डॉ अनिला पुरोहित, बीएसएफ के सेवानिवृत महानिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, तबला वादक गुलाम हुसैन, संगीतज्ञ पंडित पुखराज शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण राघव, उद्योगपति व समाज प्रेरक द्वारका प्रसाद पचीसिया, एथलीट देवेंद्र सिंह गहलोत, रंगकर्मी मंजू रांकावत, शोधकर्ता डॉ मुकेश हर्ष, शिक्षाविद व साहित्यकार जानकी नारायण श्रीमाली, रंगकर्मी विजय सिंह राठौड़, समाज सेवी पुरुषोत्तम दावड़ा, शिक्षाविद लाजपत राय मिढा, पर्यावरणविद् चरण दास सागर, विधिवेत्ता सुरेश कुमार भाटिया, साहित्यकार शशांक शेखर जोशी, ऋग्वैदीय राका वेद पाठशाला, संस्कृतिकर्मी राहुल शंकर थानवी को प्रतिष्ठित अवार्ड प्रदान किए गए । इस अवसर पर अलग-अलग क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले छियालीस व्यक्तियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

अतिथियों का सम्मान :

कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों का स्वागत डॉ गिरिजा शंकर शर्मा, विद्यासागर आचार्य, इरशाद अजीज, अभिषेक आचार्य, अजीज भुट्टा, डॉ पवन दाधीच, कमल रंगा, आत्माराम भाटी, राजेन्द्र जोशी, रामलाल सोलंकी, डॉ फारूक चौहान ने माला, शॉल व साफा पहनाकर किया। स्वागत उद्बोधन प्रदान करते हुए मुख्य समारोह के संयोजक नरेंद्र सिंह स्याणी ने सभी बीकानेर वासियों को बीकानेर नगर स्थापना की बधाई देते हुए उन संस्थाओं का आभार भी व्यक्त किया जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने उद्बोधन में राव बीकाजी संस्थान के अध्यक्ष डॉ गिरिजा शंकर शर्मा ने बीकानेर नगर वासियों को बधाई देते हुए बीकानेर के विकास के साथ-साथ बीकानेरी संस्कृति को भी जिंदा रखने का आह्वान किया।

बीकानेर के विकास में कोई कसर नहीं छोडूंगा : जेठानन्द

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि बीकानेर की विभूतियों का सम्मान किया जाना इस नगर की स्वस्थ परंपरा रही है। आज पूरा बीकानेर उल्लास और उमंग के माहौल में खुशियां मना रहा है।

उन्होंने बीकानेर शहर को महानगर की तर्ज़ पर विकसित करने के लिए अपने प्रयासों की जानकारी दी तथा यह आह्वान किया कि बीकानेर के लिए प्रतिवर्ष स्थापना दिवस पर कोई नया कार्य आरंभ किया जाना चाहिए अथवा उसकी घोषणा होनी चाहिए। व्यास ने राव बीकाजी संस्थान के कार्यों की प्रशंसा करते हुए यह विश्वास जताया कि यह संस्थान प्रतिवर्ष अपने भरोसे पर खरा उतरता रहेगा।

ये बोले अतिथि :

विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह ने कहा की बीकानेर नगर वैभवशाली नगर है और अक्षय द्वितीया का यह पर्व बीकानेर के लोगों के लिए सबसे महत्वपूर्ण और पवित्र दिवस है। प्रत्येक नागरिक को इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इस अवसर पर बोलते हुए नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष श्री महावीर रांका ने कहा कि बीकानेर एक अपने में मस्त रहने वाला नगर है और यहां दान पुण्य तथा परंपरा व रीति रिवाज को निभाने की परंपरा रही है। यही बीकानेर की असली संस्कृति भी है। इस अवसर पर बोलते हुए पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि हम किस तरह अपने शहर को और बुलंदियों पर पहुंचाएं। उन्होंने चाइनीज मांझे के प्रति जागरूकता बढ़ाये जाने का आग्रह भी किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए संजय पुरोहित ने बीकानेर के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं तथा बीकानेर के राजाओं के उल्लेखनीय कार्यों के बारे जानकारी दी।

इस अवसर पर पद्मश्री अली गनी बंधुओ ने राजस्थानी गीत प्रस्तुत कर पूरे समारोह को मांड गायन की सुर लहरियों से सराबोर कर दिया। वरिष्ठ गीतकार राजेंद्र स्वर्णकार ने बीकानेर की महिमा बखान का उत्कृष्ट गीत प्रस्तुत किया जिसे खूब सराहा गया। इसी अवसर पर एंटीक रेडियो के संग्रहक दिनेश माथुर तथा सुनीलम पुरोहित का भी विशिष्ट सम्मान किया गया। बीकानेर स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में महामंत्री विद्यासागर आचार्य ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कहा की बीकानेर के सभी लोग एक परिवार की तरह है और एक परिवार की तरह ही हम सब अपने बीकानेर को और अधिक वैभवशाली बनाने के लिए आगे बढ़ना चाहिए। मुख्य समारोह में बीकानेर के अलग-अलग क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे इनमें सादुल क्लब के अध्यक्ष गोविंद सिंह, डूंगर कॉलेज के प्राचार्य डॉ राजेंद्र पुरोहित, सीताराम कच्छावा, महेश उपाध्याय, डॉ अजय जोशी, सुनीलम पुरोहित, रामसहाय हर्ष, राजाराम स्वर्णकार, उदय व्यास, प्रेम नारायण व्यास, प्रदीप भटनागर, रमेश शर्मा, दयानंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।