Skip to main content

मौसम: रात के अधिक तापमान से सुबह उमस से शुरू, लू का अलर्ट, मानसून की 26 से संभावना

  •  बीकानेर की कल की रात राज्य में सबसे गर्म
  •  आज चल सकती है लू

आरएनई, बीकानेर

बीकानेर की सोमवार रात की अधिक गर्मी का असर आज सुबह भी साफ दिख रहा था। रात की गर्मी के कारण सुबह बहुत उमस थी। हल्के बादलों ने उमस को कुछ ज्यादा ही बढ़ा दिया। इसी वजह से आज सुबह लोग मॉर्निंग वॉक के लिए बहुत कम संख्या में निकले। आज बीकानेर में दिन गर्म रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बीकानेर में लू की चेतावनी भी दी है।

पांच जिलों में आज लू, कुछ में बारिश
राज्य में मौसम का अजीब मिजाज देखने को मिल रहा है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में जहां लू चल रही है वहीं दक्षिणी व पूर्वी राजस्थान में मानसून की स्थितियां बनी हुई है। मौसम केंद्र के अनुसार दक्षिणी व पूर्वी हिस्से में आंधी – बारिश का दौर रहेगा। वहीं बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, हनुमानगढ़, चूरू में विभाग ने लू चलने की चेतावनी दी है। मतलब इन जिलों में गर्मी रहेगी।

दो दिन में मानसून की दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन में राज्य में मानसून की दस्तक हो जायेगी। मौसम केंद्र 26 से 28 जून के बीच राज्य में मानसून आने की संभावना जता रहा है। राज्य में मानसून दो राज्यों से एंट्री करेगा। उदयपुर में गुजरात व कोटा में मध्यप्रदेश से मानसून की एंट्री होगी। इस एंट्री के साथ विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी है।

बीकानेर का न्यूनतम तापमान अधिक
सोमवार को बीकानेर का न्यूनतम तापमान राज्य में सबसे अधिक रहा। उसने ये छलांग तीन दिन में लगाई है। रातें इतनी गर्म थी कि लोगों की नींद तक में खलल पड़ा। कल बीकानेर में न्यूनतम तापमान 33.2 डिग्री रहा। वहीं अधिकतम तापमान भी 44.8 तक जा पहुंचा। आज बीकानेर में मौसम शुष्क रहेगा और गर्म हवाएं चलेगी।