Skip to main content

केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा, जहां वोट कम मिले वहां सदस्य ज्यादा बनाओ

  • महारिकॉर्ड : देश में 03 करोड़, राजस्थान में 11 लाख, बीकानेर जिले में 27 हजार सदस्य बने

RNE Bikaner.

सदस्यता का महारिकॉर्ड बनाने में जुटी भाजपा ने अब तक देश में 03 करोड़, राजस्थान में 11 लाख, बीकानेर जिले में 27 हजार सदस्य बनाए है। जिले के 27 हजार सदस्यों में बीकानेर शहर के अब तक 10 हजार सदस्य बने हैं। मोटे अनुमान के मुताबिक शहर और देहात को मिलकर 03 लाख से अधिक सदस्य बनाने हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो जिले में अभी सदस्यता अभियान की रफ्तार सुस्त है। भाजपा नेताओं बताया कि सुस्ती की वजह बड़ी संख्या में मेले-मगरिये होना है। मेलों के बाद अभियान रफ्तार पकड़ेगा। यह जानकारी शनिवार को केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की मौजूदगी में हुई भाजपा की मीटिंग में सामने आई।

कैसी मीटिंग, कहां हुई : 

दरअसल भारतीय जनता पार्टी संभाग कार्यालय में आज सदस्यता अभियान बीकानेर जिले की समीक्षा बैठक शहर जिलाध्यक्ष विजय आचार्य व देहात जिलाध्यक्ष जालम सिंह भाटी की अध्यक्षता में रखी गई। मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल उपस्थित रहे। किस तरह बीकानेर में सदस्यता अभियान चल रहा है और इसे किस प्रकार और गति दी जाए उसको लेकर जिला पदाधिकारियों, सदस्यता अभियान प्रभारियों, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष शहर और देहात कार्यकर्ताओ के साथ समीक्षा की गई।

ये बोले मंत्री मेघवाल : 

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा इस सदस्यता अभियान में भाजपा ने अब तक महारिकॉर्ड बनाया है। सदस्यता अभियान में देश में 11 दिनों में बनाए 3 करोड़ से ज्यादा सदस्य प्रदेश में 11 लाख से ज्यादा और बीकानेर 27 हजार पार सदस्य अब तक बन चुके है। बीकानेर जिले का वातावरण अभी भक्तिमय है मेलों का माहौल है। जल्दी बीकानेर जिले में भी ये अभियान तेजी पकड़ेगा। मुझे बीकानेर जिले की टीम पर भरोसा है। प्रदेश नेतृत्व ने जितना आंकड़ा बीकानेर को दिया है वो उससे सवाया ही करेगा और हम प्रदेश में सबसे ज्यादा सदस्य बनाए ऐसा लक्ष्य लेकर चलना है।

भाजपा का सदस्यता अभियान देशव्यापी है मेघवाल ने आह्वान किया घर-घर जाकर आम जन मानस को सदस्यता अभियान से जोड़ें। प्रधानमंत्री मोदी के एक वक्तव्य का जिक्र कर मेघवाल बोले, सदस्य बनाने में कंजूसी नहीं बरतनी है। मोदीजी ने तो यहाँ तक कहा है कि जहां वोट कम मिले हैं वहां सदस्य ज्यादा बनाएं। भाजपा का सदस्यता अभियान सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी और सर्व ग्राही है।

अध्यक्ष आचार्य ने वार्ड जीत की बधाई दी :

शहर जिलाध्यक्ष विजय आचार्य ने सदस्यता अभियान, पार्टी के कार्यक्रमों का जिक्र करने के साथ ही वर्ड उप चुनाव में 902 वोटों की बड़ी जीत पर टीम बीकानेर भाजपा को बधाई दी। इस जीत में उल्लेखनीय योगदान देने वालों का आचार्य ने खास जिक्र किया। उन्होंने कहा, मेलों के बाद शहर में भी सदस्यता अभियान गति पकड़ेगा और पार्टी ने जो लक्ष्य दिया है उससे अधिक सदस्य बनेंगे। पार्टी कार्यक्रमों का जिक्र भी इस मौके पर आचार्य ने किया। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर तक सेवा सप्ताह, सेवा पखवाड़ा के रूप में हर वर्ष पार्टी मनाती है। इसमे रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण स्वच्छता अभियान, मुफ्त स्वास्थ्य शिविर के साथ सेवा के कार्य प्रत्येक मंडल व मोर्चा के साथ मिलकर किए जाएंगे।

एमएलए व्यास, सारस्वत सहित इन नेताओं ने रखे विचार : 

देहात जिलाध्यक्ष जालम सिंह भाटी ने कहा, बूथ तक का कार्यकर्ता इस सदस्यता अभियान में अपनी भागीदारी निभा रहा है सभी का आभार व्यक्त किया। जिला मंत्री मनीष सोनी ने बताया कि विधायक जेठानंद व्यास, ताराचंद सारस्वत, महापौर सुशील कंवर राजपुरोहित, विश्वकर्मा बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, प्रभारी ओम सारस्वत, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य, ओबीसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष चंपालाल गेदर, उपमहापौर राजेंद्र पंवार, सदस्यता अभियान जिला संयोजक श्याम चौधरी, सवाई सिंह तंवर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन मोहन सुराना ने किया।