Skip to main content

Rajasthan Monsoon : कई जिलों में तेज बारिश, बिजली गिरने से 02 की मौत, पांच झुलसे

  • Weather Rajasthan : 
  • Bikaner में अलसुबह बूंदाबांदी, उमस, बीती रात भी गर्म
  • सीकर में 53 मिमी बारिश, जयपुर, जोधपुर, पाली, बाड़मेर, सवाई माधोपुर, झालावाड़ में झमाझम
  • चितौड़गढ़ के बड़ी सादड़ी व झालावाड़ के पचपहाड़ में जोरदार बारिश

RNE Network. 

राजस्थान में दीक्षिणी पूर्वी मानसून की एंट्री के साथ एक और जहां अच्छी बारिश शुरु हो चुकी है वहीं बिजली गिरने से मौतों का क्रम भी शुरु हो गया है। बीते 24 घंटों में बिजली गिरने से दो मौतें हो गई। इनमें भरतपुर जिले की 14 वर्षीय किशोरी नीलम और भवनपुरा निवासी भीमसिंह  शामिल हैं। झुलसे हुए पांच लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। इनमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

गहरी उमस व गर्मी के रात के बाद बीकानेर में भोर का स्वागत बूंदाबांदी ने किया। सुबह 5.20 पर बूंदाबांदी शुरू हुई जो आई तो सिर्फ 12 मिनिट मगर सड़को को गीला जरूर कर दिया। इस बूंदाबांदी से राहत मिलने के बजाय गर्म सड़कों की गर्मी जरूर बाहर निकल आई। इसी वजह से सुबह मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या नगण्य थी।

राज्य में छाया मानसून

मौसम विभाग ने समय पर राज्य में मानसून की एंट्री पर राहत महसूस की है। तय समय पर इस बार मानसून ने प्रवेश किया और कल कोटा व उदयपुर संभाग में मानसून छा गया। कई जिलों में बारिश भी हुई। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार अगले चार दिन में मानसून पूरे राज्य में छा जायेगा और सभी जिलों को कवर करेगा।

कल सर्वाधिक बारिश चितौड़गढ़ के बड़ी सादड़ी व झालावाड़ के पचपहाड़ में दर्ज की गई। आगामी दिनों में पूर्वी हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी। 27 से 29 जून तक भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। सीकर में 53 मिमी बारिश हुई।  जयपुर, जोधपुर, पाली, बाड़मेर, सवाई माधोपुर, झालावाड़ में भी झमाझम शुरु हो गई।

बीकानेर, जोधपुर में तापमान बढेगा
वहीं बीकानेर व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घन्टे में कहीं कहीं तापमान 43 से 45 डिग्री दर्ज होने की संभावना है। कल बीकानेर में मौसम अजीब रहा। तापमान में तो गिरावट आ गई मगर गर्मी में कोई कमी नहीं हुई। लू चलती रही, बादलों ने धूप को जरूर कमजोर किया। कल बीकानेर में अधिकतम तापमान गिरकर 43.3 व न्यूनतम तापमान 32.2 डिग्री पर आ गया। आज मौसम शुष्क रहेगा।