Skip to main content

कांग्रेस प्रत्याशी बोले, पूरी पार्टी एक मंच पर, मेरा चुनाव जनता लड़ेगी

RNE, BIKANER .

बीकानेर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं गहलोत सरकार के पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने जहां केन्द्रीय मंत्री सांसद पर जनता और बीकानेर की उपेक्षा का आरोप लगाया है वहीं दावा किया है कि बीकानेर में कांग्रेस भारी मतों से जीत होगी। टिकट मिलने के बाद पहली बार बीकानेर आये गोविंदराम ने कहा, 15 सालों से बीकानेर के सांसद अर्जुनराम के पास इस लोकसभा क्षेत्र में गिनाने लायक एक भी काम नहीं है। वे लोकसभा क्षेत्र और यहां की जनता की अनदेखी तो करते ही हैं भाजपा के कार्यकर्ताओं को भी तवज्जो नहीं देते।

विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद लोकसभा में कांग्रेस जीत की उम्मीद कैसे कर सकती है? सवाल पर गोविंदराम ने विधानसभा में वोटों का आंकड़ा गिनाया। कहा, कांग्रेस को जो वोट मिले उसके साथ ही पार्टी से नाराज और कम्युनिस्ट कैंडीडेंट को भी काफी वोट मिले। इस वक्त सभी एक मंच पर हैं। कम्युनिस्ट कैंडीडेट से भी बात चल रही है। लोकसभा क्षेत्र के आठों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़े प्रत्याशियों से पहले बात की गई है।

सभी ने मिलकर चुनाव लड़ने को कहा है। इसके बाद ही टिकट लिया है। ऐसे में पार्टी एकजुट होने के साथ ही जनता भी अर्जुनराम से उकताई हुई है। मेरा चुनाव बीकानेर लोकसभा क्षेत्र की जनता ही लड़ेगी। पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी, कांग्रेस से प्रत्याशी रहे मंगलाराम गोदारा, नितिन वत्सस, प्रहलादसिंह मार्शल, हाुल जादूसंगत आदि मौजूद रहे।

देवदर्शन : सालासर, देशनोक सहित कई मंदिरों में धोक लगाई

टिकट मिलने के बाद जयपुर से बीकानेर आते हुए गोविंदराम मेघवाल ने सालासर बालाजी धाम में धोक लगाई। इस दौरान रतनगढ़ के विधायक और बीकानेर लोकसभा प्रभारी पूसाराम गोदारा, जिला परिषद सदस्य सरिता चौहान आदि उनके साथ थे।

शाम को देशनोक करणी माता मंदिर गए। पूरे रास्ते में जगह-जगह उनका स्वागत हुआ। श्रीडूंगरगढ़ के कीतासर में गोविंदराम का जोरदार स्वागत हुआ।

अशोक गहलोत-डोटासरा ने बधाई दी :

जयपुर से बीकानेर आने से पहले गोविंदराम मेघवाल पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा से मिले। दोनों नेताओं ने उन्हे शुभकमनाएं दी।

कार्यकर्ताओं को किया संबोधित :

गोविंदराम मेघवाल को टिकट मिलने के बाद बीकानेर की बिश्नोई धर्मशाला में जिले के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर गोविंदराम मेघवाल ने कहा] मैं आप सभी के बीच का व्यक्ति हूँ। मेरे दरवाजे हर समय हर व्यक्ति के लिए खुले रहते है। मेरे यहां पर्ची का सिस्टम नही है। जिस विश्वास से आप लोगो ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है जो बातें कही है उन्हें सुनकर मैं इतना ही कह सकता हूं कि कांग्रेस के किसी भी कार्यकर्ता को निराश नहीं होने दूंगा। विचारधारा की लड़ाई है। तानाशाह के खिलाफ बिगुल है।

आप मिलकर चुनाव लड़ो, मेरा वादा है पांच साल गोविंदराम आपके लिए हर परिस्थिति में खड़ा रहेगा। शहर जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा, कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता गोविंदराम बनकर चुनाव लड़ेगा और हर कार्यकर्ता इस चुनाव में बीकानेर पूर्व और पश्चिम दोनो विधानसभा में अपना सर्वस्व देते हुए लोकसभा चुनाव को जिताने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा। देहात जिला अध्यक्ष बिशनराम सियाग ने कहा, इस बार जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों को विधानसभा स्तर पर वार्ड और बूथ की जिम्मेदारी निभानी है। चुनाव तक प्रभार क्षेत्र में तैनात रहते हुए हर वोटर तक कांग्रेस की बात पहुंचाएंगे और लोकसभा में बड़ी जीत हासिल करेंगे।

संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने बताया कि संवाद कार्यक्रम को विधायक शिमला नायक, प्रदेश महासचिव हाजी जिया उर रहमान आरिफ, गजेंद्र सिंह सांखला, मंगलाराम गोदारा, भवर सिंह भाटी, राजेंद्र मुंड, जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल, प्रभु राम डूडी, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम चेतना चौधरी आदि ने संबोधित किया। संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह मार्शल ने बताया की इस संवाद कार्यक्रम में जिले के सभी ब्लॉक अध्तक्ष, जिला पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, सरपंच, पंच, निकायो के जनप्रतिनिधि आदि मौजूद थे।