Skip to main content

मौसम : गर्मी उगल रही आग, सुबह से ही उमस, लू के थपेड़े कर रहे परेशान

** आज भी रहेगा लू का असर
** 25 जून के बाद राज्य में कभी भी मानसून
** लू व धूप से बचाव का निर्देश

आरएनई, बीकानेर

गर्मी ने बीकानेर को पूरी तरह से अपनी जद में ले रखा है। सूरज उगते ही तपाने लगता है और ऐसा लगता है जैसे आग उगल रहा है। हवा भी गायब हो जाती है सुबह सुबह। सोमवार के दिन की शुरुआत भी बीकानेर में गर्मी से हुई। मौसम विभाग ने पहले से ही लू का अलर्ट जारी किया हुआ है। बीकानेर संभाग तो सर्वाधिक तप रहा है।

इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने एक राहत की खबर भी दी है। विभाग के अनुसार मानसून अंडमान निकोबार पहुंच गया है। 31 मई तक ये केरल पहुंच जायेगा। इस साल मानसून सामान्य तारीख से पहले ही केरल में दस्तक दे सकता है। वैसे मानसून के केरल आने की तारीख 1 जून है। विभाग के अनुसार केरल में मानसून 28 मई से 3 जून के मध्य कभी भी आ सकता है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मानसून के राजस्थान में 25 जून से 6 जुलाई तक पहुंचने के आसार हैं। कल बीकानेर तेज गर्मी की चपेट में रहा मगर शाम से पहले चली आंधी ने जरूर थोड़ी राहत दी। रात का तापमान अब भी कम नहीं हो रहा है। उमस हाल बेहाल करती है।
कल बीकानेर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री रहा तो न्यूनतम तापमान भी 30.2 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आज भी बीकानेर में तेज धूप निकलेगी व मौसम शुष्क रहेगा।