Skip to main content

KOLAYAT NEWS : आरोप-ढाणी पर बीजेपी का झंडा लगाया इसलिये खुन्नस रखकर पीटा

  • घायल महिला पीबीएम में भर्ती, डरे हुए बच्चे बोले-बहुत मारा!

RNE, KOLAYAT .

‘पीबीएम हॉस्पिटल में भर्ती महिला के चेहरे, गर्दन, कमर सहित शरीर के कई हिस्सो पर चोटों के गहरे निशान हैं। बदन पर खरोंचे हैं। पोर-पोर दर्द कर रहा है।’ क्या हुआ? पूछने पर ज्यादा बोल नहीं पाती। पास बैठे पति की आंखें भर आती है। कहते हैं, बहुत मारा साहब। छोटे बच्चों को भी नहीं छोड़ा। मेरी 13 और 11 साल की बेटी को भी घसीटा-पीटा। पास बैठै बच्चों की आंखों में डर साफ दिख रहा है। पूछने पर बोले-घणौ ई ठोक्यो यानी बहुत मारा।

किसने, कहां, क्यों मारा ?

पीड़िता के पति ने जो घटना बताई और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई उसके मुताबिक पूरा मामला कोलायत इलाके के गांव का है। फलौदी जिला निवासी किसान का आरोप है कि उसने मोटासर की रोही में शेर मोहम्मद का खेत हिस्सेदारी में लिया था। विधानसभा चुनाव के दौरान ढाणी पर बीजेपी का झंडा लगा दिया इससे खुन्नस रखकर खेत मालिक और उसके साथी झगड़ा करने लगे थे। मारपीट की वारदातें जनवरी महीने से शुरू हो गई थी। इसकी रिपोर्ट भी लिखवाई जाती रही लेकिन पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की।

फसल के साथ पत्नी को भी उठाया, दुष्कर्म किया :

आरोप है कि खेत मालिक सहित उसके साथ आये दबंगों ने न केवल फसल उठा ली वरन पत्नी का अपहरण कर दुष्कर्म भी किया। इसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत दी। तब कहीं जाकर एफआईआर हुई। इसके बाद पुलिस अधिकारी भी नाराज हो गए। मौके पर आये लेकिन उलटे पीड़ितों को धमकाया।

आरोप है कि 10 मई को बड़ी तादाद में ट्रैक्टर, पिकअप आदि में भरकर 50-60 लोग आये। बची हुई फसल जलाई। महिला और उसके बच्चों के साथ भी मारपीट की। आस-पास के लोगों ने छुड़ाने की कोशिश की तो उन्हें भी धमकाया। इसी घटना में चोटिल महिला का पीबीएम में इलाज चल रहा है। डरा हुआ परिवार न्याय की गुहार कर रहा है। पीड़ितों का कहना है, खेत से भगा दिया। घर का सारा समान वहीं पड़ा है। न्याय दिलाने के साथ वह सामान भी दिलाएं और अपराधियो को कड़ी सजा दिलवाई जाएं।