Skip to main content

सुनील कनु गोलू को रायबरेली एवं विधायक आराधना को महिला मतदाताओं की जिम्मेवारी

** सुनील कनु गोलू को रायबरेली में जिम्मेवारी
** विधायक आराधना को महिला मतदाताओं की जिम्मेवारी
** कल रात से प्रियंका ने संभाल ली कमान
आरएनई, नेशनल ब्यूरो

गांधी परिवार की परंपरागत सीटों रायबरेली व अमेठी की पूरी जिम्मेवारी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने संभाल ली है। उनकी मदद के लिए दोनों लोकसभा क्षेत्रों के लिए कई नेताओं को लगाया गया है। कल रात प्रियंका रायबरेली पहुंच गई और उसी समय से बैठकों में सक्रिय हो गई।

कांग्रेस इस बार हर हाल में अपनी परंपरागत सीटों को जीतना चाहती है और इसे प्रियंका ने प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। भूपेश बघेल व अशोक गहलोत को पार्टी पहले ही अमेठी और रायबरेली में पर्यवेक्षक नियुक्त कर चुकी है।

प्रियंका ने भाजपा को मात देने के लिए दोनों ही जगहों पर अल्ट्रा मॉडर्न वार रूम तैयार किया है। मैदान में माइक्रो मैनेजमेंट के साथ संसदीय क्षेत्रों पर पैनी नजर रखने के लिए ही पर्यवेक्षक बनाये गये है।

सोमवार शाम रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी की मौजूदगी में इस रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। रायबरेली का वार रूम नेशनल कैम्पेनिंग समिति के सदस्य व तेलंगाना में कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के प्रमुख रहे सुनील कनु गोलू को सौंपा गया है।

अमेठी का जिम्मा नेशनल टीम संभाल रही है। महिला मतदाताओं के लिए रणनीति बनाने की जिम्मेवारी रामपुर से कांग्रेस विधायक और सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी आराधना मिश्र को सौंपी गई है। प्रियंका दोनों संसदीय क्षेत्रों के गांवों में व घर घर जाकर प्रचार करेगी।