Skip to main content

उप चुनावों से पहले बदलेगी राठौड़ की टीम, कई जिलों में भी बदलाव

चुनाव आयोग ने अभी तक राजस्थान की 6 विधानसभा सीटों के लिए उप चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया है। इस साल के अंत तक ये चुनाव संभावित है। उसके लिए प्रदेश भाजपा व राज्य सरकार ने अभी से तैयारियां आरम्भ कर दी है। सबसे बड़ा बदलाव भाजपा अपने संगठन में करने की तैयारी में है। प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी को हटाकर मदन राठौड़ को बना दिया मगर प्रदेश पदाधिकारियों में अब भी कोई बदलाव नहीं हो पाया है। 

उप चुनाव से पहले भाजपा संगठन में बदलाव करने की पूरी स्क्रिप्ट तैयार कर चुकी है ताकि राठौड़ को नई टीम मिल जाये और वे संगठन को गतिशील कर सके। वर्तमान में कई बड़े पदाधिकारियों को अन्य जिम्मेवारियां मिल चुकी है, कुछ सांसद या विधायक बन गए हैं। इस सूरत में उनकी जगह नये लोगों की नियुक्तियां आवश्यक है। भाजपा एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत पर काम करती है। सी आर चौधरी, चुन्नीलाल गरासिया आदि के पास अब दूसरे काम है। मदन राठौड़ अब अपनी टीम बनाने में जुट गए हैं।

इस विषय मे राठौड़ ने नए बने प्रदेश प्रभारी राधा मोहन से विस्तृत चर्चा हो चुकी है। पिछले दिनों वे संगठन महामंत्री बी एल संतोष से भी मुलाकात कर नये पदाधिकारियों के बारे में चर्चा कर चुके हैं। संतोष से लंबी चर्चा के बाद राठौड़ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से इस विषय में मुलाकात की। तब से ये माना जा रहा है कि नए बनने वाले पदाधिकारियों के नाम फाइनल हो चुके हैं। उनकी बस घोषणा होना बाकी है।

राजस्थान में भाजपा के पास काफी समय से संगठन महामंत्री भी नहीं है। पहले चंद्रशेखर इस पद पर थे मगर उनको अब तेलंगाना भेज दिया गया है। राठौड़ संगठन महामंत्री पद पर भी शीघ्र नियुक्ति चाहते हैं ताकि संगठन को गति मिल सके। राठौड़ स्वयं संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं इसी कारण संगठन महामंत्री की भी नियुक्ति चाहते हैं। सरकार व संगठन के बीच बेहतर तालमेल के लिए राठौड़ ये प्रयास कर रहे हैं। अभी विधायकों व मंत्रियों के मध्य भी कई बार तकरार होती है, उसका संतुलन भी संगठन ही कर सकता है। इस कारण राठौड़ अपनी पूरी टीम जल्दी चाहते हैं ताकि उप चुनाव के लिए पूरी शक्ति लगाई जा सके और सभी बड़े नेताओं के मध्य तालमेल बिठाया जा सके।

उम्मीद की जा रही है कि शीघ्र ही राठौड़ की नई टीम घोषित हो जायेगी। इस सांगठनिक बदलाव के अलावा कई जिलों में भी अध्यक्ष बदले जायेंगे। उसका खाका भी राठौड़ ने तैयार कर लिया है। ये भी बड़ा बदलाव होगा। माना जा रहा है कि नई भाजपा संगठन की टीम के साथ ही किरोड़ीलाल मीणा के त्यागपत्र पर भी निर्णय हो जायेगा। कुल मिलाकर आने वाले कुछ दिनों में ही भाजपा में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।


मधु आचार्य ‘ आशावादी ‘ के बारे में 

मधु आचार्य ‘आशावादी‘ देश के नामचीन पत्रकार है लगभग 25 वर्ष तक दैनिक भास्कर में चीफ रिपोर्टर से लेकर कार्यकारी संपादक पदों पर रहे। इससे पहले राष्ट्रदूत में सेवाएं दीं। देश की लगभग सभी पत्र-पत्रिकाओं में आचार्य के आलेख छपते रहे हैं। हिन्दी-राजस्थानी के लेखक जिनकी 108 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है। साहित्य अकादमी, दिल्ली के राजस्थानी परामर्श मंडल संयोजक रहे आचार्य को  अकादमी के राजस्थानी भाषा में दिये जाने वाले सर्वोच्च सम्मान से नवाजा जा चुका हैं। राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के सर्वोच्च सूर्यमल मीसण शिखर पुरस्कार सहित देशभर के कई प्रतिष्ठित सम्मान आचार्य को प्रदान किये गये हैं। Rudra News Express.in के लिए वे समसामयिक विषयों पर लगातार विचार रख रहे हैं।

के लिए वे समसामयिक विषयों पर लगातार विचार रख रहे हैं।