Skip to main content

आज गांधी परिवार ने दिल्ली के एक बूथ पर सामान्य वोटर की तरह लाइन में खड़े होकर किया मतदान

आरएनई, नेशनल ब्यूरो

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आज दिल्ली की सातों सीटों पर मतदान हो रहा है। दिल्ली में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। आज गांधी परिवार ने दिल्ली के एक बूथ पर मतदान किया। ये बूथ नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आता है।

बूथ पर सोनिया गांधी व राहुल गांधी एक साथ मतदान के लिए आये। उसी समय प्रियंका गांधी भी अपने पति रॉबर्ट वाड्रा, बेटे, बेटी के साथ मतदान के लिए पहुंची। पूरे गांधी परिवार ने मतदान सामान्य वोटर की तरह लाइन में खड़े होकर किया।

मतदान के बाद गांधी परिवार बूथ से पैदल ही निकल पड़ा। प्रियंका गांधी ने जरूर मीडिया से बात की उन्होंने बात करते हुए दिल्लीवासियों से अधिकाधिक मतदान की अपील की। प्रियंका ने एक सवाल के जवाब में कहा कि लोग बदलाव के लिए मतदान कर रहे हैं। महंगाई, बेरोजगारी बड़े मुद्दे हैं।

गांधी परिवार ने जिस लोकसभा क्षेत्र नई दिल्ली के लिए मतदान किया वहां कांग्रेस उम्मीदवार नहीं है। समझौते में ये सीट आप के पास है। यहां इंडिया गठबन्धन के सोमनाथ भारती का मुकाबला बांसुरी स्वराज से है।