Skip to main content

बीकानेर : पंचायत-निकाय चुनाव में कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही टिकट मिलेगा

  • प्रभारी पूसाराम ने बताया, निष्क्रिय पदाधिकारी को हटाने का अधिकार जिलाध्यक्ष को
  • बिशनाराम सियाग की अध्यक्षता में हुई देहात कांग्रेस की मीटिंग
  • पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, विधायक सुशीला डूडी, जिला प्रमुख मोडाराम सहित नेता-पदाधिकारी रहे शामिल
  • संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल ने एक साल का लेखा-जोखा रखा

RNE, BIKANER. 

कांग्रेस मंे निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर, सक्रिय, उर्जावान और पार्टी के समर्पित् कार्यकर्ताओं केा जिम्मेदारी देने का दौर शुरू होने जा रहा है। पंचायत-निकाय चुनाव देखते हुए ज्यादा से ज्यादा सक्रिय लोगांे को जिम्मेदारी देने के साथ ही निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाने का काम भी होगा। इससे जुड़ी एक बड़ी खबर यह है कि निष्क्रिय पदाधिकारियों को अब जिलाध्यक्ष अपने स्तर पर ही हटा सकेंगे। इसके लिए उन्हें पहले संबंधित पदाधिकारी को एक सप्ताह का नोटिस देना होगा। नोटिस अवधि में संतुष्ट नहीं होने पर पद से हटाया जा सकेगा।

यह जानकारी बीकानेर के प्रभारी विधायक पूसाराम गोदारा ने मंगलवार को देहात कांग्रेस की मीटिंग में दी। बिशनाराम सियाग की अध्यक्षता में हुई इस मीटिंग में निकट भविष्य में होने वाले पंचायत और निकाय चुनाव की आहट भी दिखी। मीटिंग मंे तय हुआ कि पंचायत-निकाय चुनाव में पार्टी के निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही टिकट दिया जाएगा।

दो महीने में ब्लॉक, हर महीने मंडल मीटिंग : बिशनाराम

जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि अब पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर दो महीने में साधरण सभा की मीटिग तथा मंडल स्तर पर प्रतिमाह मीटिंगों का आयोजित करना अनिवार्य है।सियाग ने जिला स्तरीय पार्टी कार्यालय के लिए जमीन आबंटित करवाने का प्रस्ताव रखा,साथ ही सभी नेताओं और पदाधिकारियों को सहायता की अपील भी की। सियाग ने राजस्व, बिजली, स्वास्थ्य, जलदाय आदि विभागों में दिए गए समस्याओं के निस्तारण नहीं करने पर सर्वसम्मति से निन्दा प्रस्ताव पारित किया।

संगठन को चुस्त करना है : पूसाराम

जिला प्रभारी पूसाराम गोदारा ने कहा कि हमें साम्प्रदायिक ताकतों से मुकाबला करने के लिए संगठन को चुस्त-दुरुस्त करना होगा और इसके लिए निष्क्रिय और अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों को एक सप्ताह के कारण बताओ नोटिस अथवा चेतावनी समय देकर जिलाध्यक्ष स्वयं हटा सकते हैं।

आंदोलन के रास्ते चलना होगा : गोविंदराम

पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल ने कहा कि हमें ग्रामीणों व किसानों की हर समस्या के लिए आंदोलन व प्रदर्शन करने होंगे।तभी आगे सफलता आसान होगी। सभा को नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी, जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल,विधानसभा प्रत्याशी डॉ राजेन्द्र मूण्ड, रेवतराम मेघवाल,पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मदनगोपाल मेघवाल,प्रदेश प्रवक्ता रायसिंह गोदारा, उरमूल डेयरी अध्यक्ष नोपाराम जाखड़, भूमि विकास बैंक अध्यक्ष रामनिवास गोदारा, देशनोक नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा महासचिव मूलाराम भादू, सचिव शिवलाल गोदारा,महिला कांग्रेस की धाइ देवी, सुनीता तर्ड आदि ने भी सम्बोधित किया।

मार्शल ने एक साल का काम बताया : 

जिला संगठन महासचिव मार्शल प्रहलाद सिंह ने पिछले एक वर्ष के कार्यकलाप और प्रगति रिपोर्ट पेश की। मार्शल ने बताया कि विभिन्न विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर ग्रामीणों एवं किसानों की समस्याओं को लिखा गया तथा अब उन पर कार्यवाही करने हेतु सम्बन्धित विभागों को ज्ञापन या पत्र प्रेषित किए जाएंगे।

आज से पूर्व जिन समस्याओं को लेकर जिलेभर में विभिन्न विभागों को ज्ञापन सौंपा गया था अथवा समस्या निराकरण हेतु आग्रह किया गया था,उन पर कोई कार्यवाही नहीं हुई ऐसी समस्याएं नोट की गई । सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों के प्रति निंदा प्रस्ताव पारित करने के प्रस्ताव को सभी ने हाथ खड़े कर समर्थन किया।

कांग्रेस का स्थायी कार्यालय बनेगा : 

बीकानेर में स्थाई कांग्रेस कार्यालय के लिए नगर विकास न्यास से रियायती जमीन लेने का प्रस्ताव जिलाध्यक्ष सियाग ने रखा,जिस पर सभी कांग्रेसजनों ने दोनों हाथ खड़े कर प्रस्ताव पारित किया। साथ ही अपनी ओर से सहयोग राशि देने का आश्वासन दिया। मौके पर कई पदाधिकारियों ने अपनी ओर से सहायता राशि की घोषणा की। मंच संचालन एनएसयूआई के श्रीकृष्ण गोदारा ने किया।