Skip to main content

मौसम : सुबह शुरू हुई उमस से, हवा नहीं, रात भी रही गर्म, आज बादल रहेंगे

  •  कल का न्यूनतम तापमान राज्य में सबसे अधिक
  •  राज्य में धीरे धीरे फैल रहा मानसून

आरएनई, बीकानेर

बीकानेर में मौसम ने शनिवार की सुबह का स्वागत बादलों व उमस से किया। रात से चल रही उमस सुबह तक भी गहराई हुई थी। उसके कारण हवा का नामोनिशान नहीं था। गर्मी मॉर्निंग वॉक करने वालों को परेशान कर रही थी। वे ज्यादा चल भी नहीं पा रहे थे और अपने घरों को थोड़ी देर बाद ही वापस लौट रहे थे। वॉक करने वालों की संख्या भी कम थी। कल बीकानेर का न्यूनतम तापमान राज्य में सबसे अधिक था।

राज्य में मानसून पसार रहा पांव
मानसून अब राज्य में अपने पांव धीरे धीरे पसार रहा है। कल कोटा व धौलपुर में जमकर बरसात हुई। मानसून के बादल राज्य के दो तिहाई हिस्से पर कल मेहरबान रहे। मौसम विभाग के अनुसार मानसून उत्तरी सीमा जैसलमेर, चूरू से गुजर रहा है। कल हाड़ौती, धौलपुर, सीकर, झुंझनु, जोधपुर, दौसा सहित कई हिस्सों में बरसात हुई।

आज होगी जयपुर, भरतपुर में वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार आज जयपुर व भरतपुर संभाग में मानसून जमकर बरसेगा। विभाग ने इन संभागों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी है। राज्य को थोड़े समय में मानसून पूरी तरह से कवर कर लेगा।

बीकानेर में रहेगा बादलों का डेरा
आज बीकानेर में भी बादलों का डेरा रहेगा। सुबह से ही बादल आसमान में नजर आने लग गये थे। विभाग के अनुसार मौसम तो शुष्क रहेगा मगर बादल भी रहेंगे। उमस परेशान कर सकती है। कल बीकानेर न्यूनतम तापमान 29.6 रहा जो राज्य में सबसे अधिक था। अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री रहा। आज मौसम में बदलाव की संभावना विभाग ने जताई है।