Skip to main content

मौसम : गर्मी का तांडव जारी, सुबह से तपाने लगा मौसम, आज भी रहेगी लू

** दो दिन अभी राहत के कोई आसार नहीं
** आज भी 23 जिलों में लू का अलर्ट
** लू के मरीजों की संख्या बढ़ी

आरएनई, बीकानेर

बीकानेर में सोमवार की शुरुआत भी तेज गर्मी से हुई है। दिन उगते ही तपाने लगा। हवा तो भीषण गर्मी को देखकर हवा हो गई। गर्मी के प्रकोप का सर्वाधिक असर मॉर्निंग वॉक करने वालों पर पड़ा है, वे घर से निकल ही नहीं रहे है।

मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन और राहत के कोई आसार नहीं है। ये मौसम बना रहेगा। विभाग ने बीकानेर सहित राज्य के 23 जिलों के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग का मानना है कि 29 या 30 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है मगर गर्मी उसके बावजूद तेज रहेगी।

हीटवेव के मरीज बढ़ रहे
बढ़ती गर्मी के साथ हीटवेव की चपेट में आ रहे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकारी जानकारी के अनुसार इस सीजन में 2243 हीटवेव के मरीज राज्य में आ चुके हैं।

रात का तापमान अधिक
बीकानेर में रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है और एसी व कूलर भी ज्यादा असर नहीं कर रहे हैं। रात का तापमान 30 डिग्री से भी ज्यादा रह रहा है। कल बीकानेर में अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री पर पहुंच गया तो न्यूनतम तापमान भी उछलकर 33.9 हो गया। मौसम विभाग के अनुसार आज बीकानेर में तेज धूप निकलेगी, लू रहेगी और मौसम शुष्क बना रहेगा।