
बीकानेर में तीसरी राजनीतिक शक्ति निकाय चुनाव में नहीं दिखती, निर्दलीय ही है
- सीपीआई, सीपीएम की राजनीतिक गतिविधियां दिखती नहीं
- लोक जनशक्ति पार्टी की सक्रियता, भाजपा सीट देती नहीं दिखती
- बसपा की भी थोड़ी सक्रियता, बेहतर प्रभाव की गुंजाइश कम
- तीसरी राजनीतिक शक्ति तो निर्दलीय ही बनते दिखते है
अभिषेक आचार्य
RNE Special.
नगर निगम चुनाव में मुख्य मुकाबला इस बार भी भाजपा व कांग्रेस में ही होता दिखता है। तीसरे किसी राजनीतिक दल की उपस्थिति की वर्तमान में तो संभावना दिख नही रही। इन दोनों दलों के मध्य ही अंतिम संघर्ष होता आया है।
अन्य दलों की यह स्थिति है:
हालांकि सीपीआई, सीपीएम एक समय का अपना वजूद था। उसके उम्मीदवार जीतते भले ही एक – दो हो मगर कई वार्डों में वो चुनावी समीकरण जरूर बिगाड़ती थी। अब इन वाम दलों की सक्रियता उतनी नहीं रही है। इस कारण इस बार के चुनाव में उनकी भूमिका ज्यादा रहती दिख नहीं रही। वैसे भी अब वाम दल इंडिया गठबंधन के कारण कांग्रेस के साथ ही है। लोक जनशक्ति पासवान की भी थोड़ी सक्रियता है मगर राष्ट्रीय स्तर पर ये दल भी एनडीए में होने के कारण भाजपा के साथ ही है। भाजपा उसे सीट देती प्रतीत तो नहीं होती। हालांकि इस पार्टी के बीकानेर के मुखिया रमजान मुगल इसके लिए कोशिश जी तोड़ करेंगे।
बसपा गम्भीर हो तो पड़ेगा प्रभाव:
बीकानेर निगम क्षेत्र में बसपा का जरूर थोड़ा असर है। इस पार्टी का अपना वोट बैंक है। जो उसने अनेक बार लोकसभा व विधानसभा चुनाव में लेकर दिखाया भी है। हालांकि बसपा के साथ स्थानीय निकाय से लेकर विधानसभा तक ये दिक्कत है कि जो जीतते है वो थोड़े समय बाद दूसरे दलों में चले जाते है। लेकिन निगम चुनाव बसपा ने लड़ा तो तय है कि वो कई वार्डों में उलटफेर करेगी।
निर्दलीय ही तीसरी शक्ति:
इस स्थिति में यही लगता है कि निर्दलीय ही निगम में तीसरी शक्ति बनकर उभरेंगे। क्योंकि अनेक वार्डो में लोग पार्टी नहीं व्यक्ति देखकर वोट देते है। कई वार्डों में इस तरह का खेल होना तय है, क्योंकि अब तक ऐसा होता आया है। महापौर के निर्वाचन में भी इन निर्दलीयों की बड़ी भूमिका रहती आई है, जो इस बार भी रहेगी।
बागी ही तय करते आये है नतीजे:
नगर निगम चुनाव में राजनीतिक दलों को सबसे ज्यादा प्रभावित करेगा, वो होंगे पार्टी के बागी। दोनों पार्टियों में इनकी संख्या प्रचूर रहेगी। वे जीतेंगे भी। उन पर अंकुश यदि किसी भी दल ने लगा लिया तो वो चुनाव में आगे रहेगा।