Skip to main content

मौसम : हवाओं ने सुबह को बनाया खुशनुमा, रात रही राहत भरी, आज मौसम शुष्क

  •  बरसात के बाद राज्य में तापमान गिरा
  •  अगले 3 दिन भी रहेगी बरसात

आरएनई, बीकानेर

सोमवार की सुबह को हल्की ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बनाया हुआ था। छितराए हुए बादल भी आकाश में थे। रात थोड़ी ठंडी हो गई थी इसलिए सुबह न तो उमस थी और न गर्मी। इसी कारण लोग मॉर्निंग वॉक के लिए घरों से निकले। पार्क भी आज अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा आबाद थे।

मौसम बदला, गिरा तापमान
राज्य में अब मौसम पूरी तरह बदल गया है। बरसात के कारण लगभग सभी जिलों में तापमान काफी कम हो गया है। खुलकर बरसात न होने के कारण कई स्थानों पर उमस से लोग जरूर परेशान है।

आज 7 जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम केंद्र, जयपुर ने आज जयपुर, दौसा, भरतपुर व अलवर के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट व 7 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शेष जिलों में सामान्य बारिश की संभावना जताई है, जिसमें जैसलमेर शामिल नहीं है। अगले 3 दिन भी राज्य के अनेक जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

पश्चिमी राजस्थान में मध्यम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार अगले कुछ दिनों में पूर्वी हिस्से के जिलों में भारी बारिश व अतिभारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में मध्यम बारिश की संभावना है।

बीकानेर में मौसम शुष्क रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार आज बीकानेर में मौसम शुष्क रहेगा। कल बीकानेर का अधिकतम तापमान गिरकर 40.5 डिग्री पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी केवल 29 डिग्री रहा। ह्यूमिडिटी 80 प्रतिशत थी इसी कारण उमस का अहसास ज्यादा था।