Skip to main content

वरिष्ठ भाजपा नेता रिखबदास बोड़ा के निधन पर हर वर्ग दे रहा श्रद्धांजलि

रिखबदास बोड़ा की पार्थिव देह को भाजपा का झंडा ओढ़ाया

RNE Bikaner.

 

भाजपा नेता रिखबदास बोड़ा के निधन पर दलगत सीमाओं से उठकर जहां हर दल के लोग शोक-संवेदना जाता रहे हैं वहीं बड़ी तादाद में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उनकी शवयात्रा में शामिल होने भी पहुंचे।

भाजपा अध्यक्ष आचार्य ने पार्टी का ध्वज ओढ़ाया :

भारतीय जनता पार्टी शहर जिलाध्यक्ष विजय आचार्य के साथ पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने बोड़ा के निवास पर पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर को भाजपा का झंडा ओढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। विजय आचार्य ने कहा, रिखबदास बोड़ा भाजपा के संस्थापक सदस्य थे। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेई और लालकृष्ण आडवाणी के साथ काम किया। भाजपा नामक पौधे को वटवृक्ष बनाने के बोड़ा का योगदान सदैव याद किया जाएगा।

भाजपा नेता मोहन सुराणा, श्यामसुंदर चौधरी, हनुमान सिंह चावड़ा, मनीष सोनी, महेश व्यास, सांगीलाल गहलोत, चंद्र मोहन जोशी, लक्ष्मण मोदी, रामकुमार व्यास ने बोड़ा के निवास स्थान पर जाकर श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस ने कहा, जनसेवक, विचारधारा के स्तंभ थे बोड़ा :

भाजपा के वरिष्ठ नेता रिखबदास जी बोड़ा के निधन पर बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा की बीकानेर की राजनीति में एक सरल सभ्य और सिद्धांत की राजनीति के पर्याय का अंत हुआ। जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा, दिवंगत श्री रिखबदास जी बोड़ा सच्चे जनसेवक थे और जरूरतमंद की सेवा के लिए सदेव प्रयासरत रहते। बोड़ा जी भाजपा विचारधारा के मजबूत आधार स्तंभ थे।

जिला संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने कहा की राजनीति के क्षेत्र में स्पष्ट कहने और सत्य के साथ रहकर हर पीड़ा को हरने वाले व्यक्तित्व थे बोड़ा जी उनके निधन से बीकानेर की राजनीति के एक स्पष्ट युग का अंत हुआ।

बोड़ा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजना की राष्ट्रीय सचिव कामिनी विमल भोजक मैया ने कहा की बोड़ा जी समर्पित और पार्टी के आदेश को सर्वोपरि मानने वाले एक कर्मठ सिपाही थे। सादगी, सरलता और सबको साथ लेकर चलने वाले बोड़ा जी का निधन बीकानेर की राजनीति में एक अपूरणीय क्षति है।