Skip to main content

मौसम : ठंडी रात का सुबह तक असर, आकाश में बादल, हवा भी मंद

** राज्य में बारिश का दौर जारी
** बीकानेर में बारिश के आसार

RNE ,BIKANER

शहर में अब रातें ठंडी होने लग गई है और उसका असर सुबह तक भी रहता है। बीकानेर में गुरुवार की सुबह भी खुशगवार थी। गर्मी और उमस नहीं थी। मंद हवा भी चल रही थी। अब भादवे में मौसम धीरे धीरे बदलने लगा है। अच्छा मौसम होने के कारण लोग भी बड़ी संख्या में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले हुए थे और चहल पहल भी जल्दी शुरू हो गई थी। कॉलोनियों के पार्क में भी अब सुबह बुजुर्ग पुरूष व महिलाओं की भीड़ रहने लगी है।

राज्य में बारिश का दौर

बीते 24 घन्टे में राज्य के अनेक हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। कहीं कम तो कहीं अधिक बारिश हुई। जोधपुर में एक घन्टे में 3 इंच से ज्यादा पानी बरसा। जयपुर में भी दोपहर बाद तेज बारिश हुई। इसके अलावा दौसा, सवाई माधोपुर, कोटा, बूंदी, चितौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, बारां, टोंक, जालौर, पाली में भी बारिश हुई।

अभी बारिश जारी रहेगी

मौसम विभाग के अनुसार एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में आगामी 24 घन्टे में बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में 4- 5 दिन मानसून सक्रिय रहने से भारी बारिश की आशंका है।

बीकानेर में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग, जयपुर के अनुसार आज बीकानेर में बादल रहेंगे और बारिश की भी संभावना है। कल बीकानेर में तापमान अचानक से गिर गया। कल अधिकतम तापमान 31.9 व न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रहा।