Skip to main content

मौसम : हवा, बादलों ने किया गुरुवार का स्वागत, आज भी बादल तो रहेंगे

  •  बीकानेर व अन्य जगह तापमान बढ़ा
  •  बारिश के आसार अब 16 के बाद

RNE, Bikaner

ठंडी ठंडी बयार व बादलों ने बीकानेर में गुरुवार का स्वागत किया। रात की उमस व गर्मी से सुबह जरूर राहत मिली। जिस कारण लोग भी मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले। कॉलोनियों के पार्क में भी आज महिलाओं व बच्चों की सुबह भीड़ थी। घरों के बाहर बैठकर भी लोग ठंडी हवा का आनन्द ले रहे थे। बारिश के आसार तो नहीं दिखे मगर कल बीकानेर का तापमान जरूर बढ़ गया।

पश्चिमी हिस्से में तापमान बढ़ा

बीकानेर सहित पश्चिम राजस्थान के जिलों में बारिश का दौर थम गया और तापमान में बढ़ोतरी हो गई। बीकानेर, फलौदी, जैसलमेर, पिलानी में कल दिन का तापमान 40 डिग्री को पार कर गया। कल सबसे ज्यादा तापमान बीकानेर व जैसलमेर में रहा। यहां तापमान 41 डिग्री पर पहुंच गया।

मानसून ट्रफ लाइन दक्षिण हिस्से में

मौसम के जानकारों के अनुसार अभी मानसून की ट्रफ लाइन दक्षिण हिस्से के ऊपर से गुजर रही है। उदयपुर के ऊपर से ये लाइन गुजर रही है। जिसके कारण उदयपुर, कोटा, अजमेर संभागों के जिलों में बारिश का दौर जारी है। राज्य में मानसून तय समय पर आया था उसके बाद से लगभग हर संभाग में उसने बरसात की है।

आज बीकानेर में बादल रहेंगे

कल बीकानेर में दिन व रात खूब गर्म रहे। उमस ने लोगों को बहुत परेशान किया हुआ था। बीकानेर में कल अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री पर जा पहुंचा तो न्यूनतम तापमान भी 31.5 रहा। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान में बादल छाये रहेंगे।