Skip to main content

पेड़ परिवार का हरित सदस्य बनें तभी पर्यावरण सरंक्षण संभव – डॉ श्याम सुन्दर ज्यानी 

RNE , Bikaner. 

बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य को संतुलित करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पारिवारिक वानिकी की अवधारणा को अपनाना होगा। पेड़ प्रत्येक परिवार का हरित सदस्य बनें तभी सही मायने में पर्यावरण संरक्षण संभव है। इसके लिए हर एक व्यक्ति को अपनी नैतिक जिम्मेदारी का निर्वाह करना होगा। ये उदग़ार गुरुवार को यूएनओ अवॉर्डी डूंगर कॉलेज में समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉक्टर श्यामसुंदर ज्यानी ने व्यक्त किए।

वे गुरुवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पौधारोपण से जुड़ी विभिन्न बारीकियों को बताया और अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की प्रेरणा दी। शाला प्राचार्य महिपाल सिंह ने मुख्य अतिथि डॉक्टर ज्यानी को हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया और प्रत्येक विद्यार्थी और स्टाफ सदस्यों से पेड़ लगाकर उनको सुरक्षित करने की अपील की।

विद्यालय में हरित विद्यालय कार्यक्रम समन्वयक जगदीश प्रसाद सोनी ने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम की थीम एक पौधा मां के नाम पर रखी गई थी। इसमें विद्यालय के स्काउट गाइड , स्टाफ सदस्यों और अन्य विद्यार्थियों ने लगभग 1000 पौधारोपण करने और उनको सुरक्षित करने का संकल्प लिया।

उपप्राचार्य कमला ने आगंतुक अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों की ओर से पौधारोपण करने और उनको सुरक्षित रखने का पूरा भरोसा दिलाया। इस अवसर विद्यालय की बाल वाटिका और विद्यालय परिसर में पौधारोपण शुरू किया जो सप्ताह भर चलेगा।