Skip to main content

मां करणी के जयकारों के साथ निकली शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत

आरएनई बीकानेर। 

करणी कथा आज से : पुरानी गिन्नाणी के हरिराम मंदिर के सामने दोपहर 12 से सायं 4 बजे तक होगी कथा। पालकी में रखी मां करणी की प्रतिमा का जगह-जगह पुष्प वर्षों से स्वागत। सिर पर कलश धारण किए चल रही महिलाएं। डीजे पर बज रहे माता जी के भजनों के बीच ​थिरकते भक्त। कुछ ऐसा ही नजारा ​था श्री करणी कथा के शुभारंभ से पूर्व निकली गई शोभायात्रा का।

पुरानी गिन्नाणी के हरिराम मंदिर के सामने 7 फरवरी से शुरू होने वाली श्री करणी कथा के शुभारंभ से पूर्व मंगलवार को सूरसागर स्थित करणी माता मंदिर से कथास्थल तक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में मां करणी की प्रतिमा रखी पालकी को रास्ते भर भक्तों ने थामे रखा। रास्ते में जगह-जगह यात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। आतिशबाजी की गई।

आयोजन से जुड़े इन्द्र सिंह, जेठाराम पुरोहित, कान सिंह राठौड़ ने बताया कि शोभायात्रा में 250 से अधिक महिलाएं कलश धारण किए शामिल हुई। डीजे पर मां करणी के भजनों पर थिरकते लोगों के बीच पालकी यात्रा विभिन्न रास्तों से होते हुए हरिराम मंदिर के सामने स्थित कथास्थल पहुंची। रास्ते में कई बार आसमान में मंडराती चील के रूप में माताजी ने भक्तों को आशीर्वाद दिया।करणी कथा वाचक डॉक्टर करनी प्रताप अपने हाथों में उनके गुरु स्वामी संवित सोम गिरी जी महाराज की मूर्ति को लिए नजर आए। शोभायात्रा के कथास्थल पहुंचने के बाद मां करणी की आरती की गई। बुधवार से दोपहर 12 से चार बजे तक जयपुर के आई स्पेशलिस्ट डॉ. करणी प्रताप सिंह कथा में मां करणी का गुणगान करेंगे।