Skip to main content

आयुक्त ने भाजपा नेताओं से कहा, मेयर जो प्रस्ताव देगी उसी अनुरूप काम होंगे

  • 3000 रोड लाइट का शहर में वार्डवार होगा वितरण

आरएनई, बीकानेर।

सड़क, नाली, बिजली जैसी परेशानियां लंबे समय से झेल रहे बीकानेर शहरवासियों को कुछ दिनों में इन समस्याओं से थोड़ी राहत मिल सकती है। वजह, बीकानेर नगर निगम सभी 80 वार्डों में सबसे जरूरी और समस्या वाले कामों को प्राथमिकता से करवाने जा रही है। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में लगभग 25-25 लाख रूपए खर्च होंगे।

 

हालांकि मोटे तौर पर सभी वार्डों में समान रूप से काम करवाने की योजना है, इसके बावजूद कहीं ज्यादा काम की जरूरत है तो मेयर की अनुशंसा पर बजट कम या ज्यादा भी हो सकेगा।

बीकानेर नगर निगम आयुक्त ने यह जानकारी आज भाजपा नेताओं के एक शिष्टमंडल को दी। महामंत्री मोहन सुराणा और श्याम चौधरी की अगुवाई में मिले भाजपा पार्षदों, प्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त से शहर के हालात पर बात की। विकास के कामों का जिक्र किया।

भाजपा महामंत्री मोहन सुराणा का कहना है, यह मुलाकात आम जन-जीवन से जुड़े रोजमर्रा के कामकाज के लिये थी। प्रदेश और देश की भाजपा सरकार जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है। इसका मतलब यह है कि लोगों की परेशानियां कम हो।

ऐसे में मानसून से पहले सफाई, नाले, लाइट आदि से जुड़े मसलों पर बात हुई। सुराणा ने बताया कि शहर के सभी वार्डों में 25-25 लाख के विकास काम होंगे। इसके साथ ही लगभग 3000 रोड लाइट्स आने वाले समय में बीकानेर शहरी क्षेत्र में लगाने की जानकारी भी आयुक्त ने दी है।