
Rajasthan Weather : बीकानेर 44, श्रीगंगानगर 44.2, चूरू 42.2, जैसलमेर 42, बाड़मेर 42
ALERT : अभी लू जैसी तेज हवा चलेगी, तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ेगा
RNE Bikaner.
पश्चिमी राजस्थान एक बार फिर भीषण लू की चपेट में हैं। सीमावर्ती बीकानेर में तापमान ने बुधवार दोपहर को एक बार फिर 44 का आंकड़ा छू लिया है। यह जिला मंगलवार को भी 43 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राजस्थान में सबसे गर्म रहा था। लगातार दूसरे दिन यहां तापमान बढ़ रहा है और दोपहर 03ः30 बजे तक 44 पर पहुंच गया है।
यह हालात सिर्फ बीकानेर के ही नहीं वरन पूरे राजस्थान में गर्मी रौद्र रूप दिखा रही है। खासतौर पर बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर में 44.2, चूरू में 42.2 डिग्री सेल्सियस पर तापमान पहुंच चुका है। इसके साथ ही जैसलमेर, बाड़मेर में भी 42 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है।
आंधी चलेगी तापमान बढ़ेगा :
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज से एक बार फिर बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग में 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलेगी। इसके साथ ही जोधपुर और बीकानेर संभाग में तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ेगा।
मतलब यह कि बीकानेर में पारा 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। इतना ही नहीं श्रीगंगानगगर में भी 15 से 17 मई तक तापमान 45 डिग्री तक रहेगा। कोटा संभाग में छुटपुट स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।
30 डिग्री सेल्सियस से शुरू हुआ दिन :
बीकानेर में बुधवार को भीषण लू या गर्मी का अनुमान पौ फटते ही हो गया था। यहां दिन की शुरुआत न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से हुई। यह सामान्य से 2.8 यानी लगभग 03 डिग्री ज्यादा है। इसी तरह मई महीने का औसत अधिकतम तापमान भी 42.2 डिग्री सेल्सियस है। इसके विपरीत गुरुवार दोपहर को तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। मतलब यह कि अधिकतम तापमान भी औसत से लगभग 02 डिग्री ज्यादा चल रहा है।
बीकानेर : मई में 50 के पास भी पहुंचा है तापमान
हालांकि तपन के लिहाज से देखा जाए तो बीकानेर की सड़कें पिघलने लगी है। भीषण गर्मी में आवाजाही कम हो गई है। लोग बीमार होकर हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं लेकिन यहां यह भी गौर करना होगा कि अभी गर्मी और बढ़ सकती है। बीकानेर में मई में अधिकतम तापमान 50 डिग्री के पास भी जा सकता है।
वर्ष 2016 में मई महीने में अब तक का सबसे अधिक तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा चुका है। बीते साल वर्ष 2024 में ही 26 मई को तापमान 48.6 डिग्री तक पहुंच गया था।
देखें 10 सालों में मई महीने में कैसे रहे तापमान के तेवर :