Skip to main content

प्रेम में आत्महत्या या हत्या? शरीफा गायें, विनोद भेड़ें चराता, दोनों के बंधे शव नहर में मिले

RNE Hanumangarh.

40 साल की शरीफा पत्नी रजाक खेतों में गाय चराती। इन्हीें खेतों में आस-पास 23 साल विनेाद नायक भेड़ें चराता। एक दिन पहले दोनों गायब हो गये और अब दोनों के शव नहर में मिले हैं। आपस में बंधे हुए हैं। यह प्रेम प्रसंग है? आत्महत्या है?? हत्या है??? इन सवालों से पुलिस जूझ रही है। फिलहाल दोनों के शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों का सौंप दिये गये हैं।

मामला यह है : 

हनुमानगढ़ जिले में संगरिया के समीप से सार्दुल ब्रांच नहर में डूबने से एक महिला व युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों के शव नहर से बरामद किए हैं। दोनों के हाथ रस्सी से बंधे हुए मिले हैं। दोनों शुक्रवार से घर से गायब थे।

मृतकों की पहचान वार्ड एक निवासी शरीफा (40) पत्नी रजाक और दौलतपुरा गांव निवासी विनोद कुमार (23)​​​​​ पुत्र कृष्ण कुमार नायक के रूप में हुई है। ये दोनों शुक्रवार से अपने घर से गायब थे। दोनों के गायब होने की रिपोर्ट परिजनों ने थाने में दी थी।

रिपोर्ट मिलने पर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इस बीच सूचना मिली कि सार्दुल ब्रांच के भगतपुरा पुल से थोड़ा आगे नहर किनारे कुछ सामान पड़ा है। पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल की तो नहर किनारे चप्पल, चुन्नी, मोबाइल व डोलू पड़े मिले।

पुलिस ने गायब महिला के परिजनों को मौके पर बुलाकर सामान दिखाया तो चुन्नी महिला शरीफा की निकली। इस पर परिजनों ने गोताखोर व समाजसेवी संस्था के कार्यकर्ताओं के सहयोग से नहर में तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद दोनों के शव घटना स्थल से थोड़ी ही दूरी पर मिल गए। दोनों शवों को नहर से बाहर निकाला गया।