
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने दुबे के बयान से पल्ला झाड़ा
RNE Network.
विवादित बयान अब भारतीय राजनीति का बड़ा हिस्सा बन गए हैं। नेता बोलते समय न तो संयम रखते हैं और न ही इस बात का ख्याल रखते हैं कि उनके मुंह से कौनसा शब्द निकल रहा है। शब्दों का ख्याल न रखा जाए तो जाहिर है बोल भी सही नहीं रहेंगे। बाद में उनको यह कहते हुए भी देर नहीं लगती कि जुबान फिसल गई।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट अपनी सीमाओं से आगे जा रहा है। देश में हो रहे सभी गृह युद्धों के लिए सीजेआइ संजीव खन्ना जिम्मेदार है। धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए भी सुप्रीम कोर्ट जिम्मेदार है। हर बात के लिए सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ता है तो संसद और विधानसभा को बंद कर देना चाहिए।
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने निशिकांत दुबे की टिप्पणी पर कहा कि बीजेपी सुप्रीम कोर्ट को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने दुबे के बयान से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि दुबे के बयान से भाजपा का कोई लेना देना नहीं। यह उनका व्यक्तिगत बयान है।